चम्पावत, 03 अगस्त । राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के क्रम में तथा जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशों के अनुपालन में सोमवार को जनपद चम्पावत के सभी चारों विकासखंडों में नवनिर्वाचित उप-प्रधानों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवनिर्वाचित उप-प्रधानों एवं ग्राम पंचायत सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
शासन के निर्देशों के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम में संबंधित विकासखंडों के खंड विकास अधिकारियों ने उत्तराखंड पंचायतीराज अधिनियम-2016 एवं प्रचलित नियमों के तहत शपथ ग्रहण की प्रक्रिया संपन्न कराई। शपथ ग्रहण समारोह पूर्ण पारदर्शिता और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आयोजित किए गए।
प्रशासन के अनुसार जिले के विभिन्न ग्राम पंचायत क्षेत्रों में उप-प्रधानों के रिक्त पदों को निर्वाचन तथा निर्विरोध निर्वाचन प्रक्रिया के माध्यम से भरा गया है। निर्वाचन संपन्न होने के बाद नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को विधिवत पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाकर उनके दायित्वों का औपचारिक निर्वहन प्रारंभ कराया गया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि पंचायतें लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारभूत इकाई हैं और ग्रामीण विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने नवनिर्वाचित उप-प्रधानों से ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को गति देने, जनसमस्याओं के समाधान तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
शपथ ग्रहण कार्यक्रमों में संबंधित विकासखंडों के खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के साथ ही नवनिर्वाचित उप-प्रधानों ने अपने दायित्वों का औपचारिक रूप से निर्वहन प्रारंभ कर दिया है।
