नई टिहरी, 03 अगस्त । विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि सीएम पुष्कर सिंह धामी से नई टिहरी के इणियां में ही मेडिकल कॉलेज बनाने की बात कही है। उम्मीद है कि अगली कैबिनेट बैठक में इस पर निर्णय भी हो जाएगा। इस बीच टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति का एक प्रतिनिधिमंडल भी सीएम से मिलने जाएगा। कहा कि बेवजह स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने इसे क्षेत्रीय लड़ाई का मुद्दा बना दिया।
सोमवार को पत्रकार वार्ता के दाैरान विधायक किशोर उपाध्याय ने बताया कि वह 1991 से टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण को संघर्षरत है। 2006 में भी तत्कालीन सीएम स्व. एनडी तिवारी से कोटी कालोनी में निर्माण की मांग रखी। वहीं 2011 में वह विधानसभा के अंदर ही धरने पर बैठ गए थे। 2012 में सीएम विजय बहुगुणा ने भी नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज की घोषणा की।
बताया कि 2022 में तीसरी बार विधायक बने तो सीएम धामी को 10 शीर्ष प्राथमिकता वाले कार्यों में मेडिकल कॉलेज को पहली वरीयता दी थी। 14 जुलाई 2024 को केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने उनके प्रस्ताव पर टीएचडीसी को इणियां में मेडिकल कॉलेज निर्माण की स्वीकृति दी थी, जिसे सीएम धामी ने आगे बढ़ाया। बताया कि इणियां में भूमि को लेकर सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद कार्यदायी संस्था ब्रिज एंड रोप लि. ने डीपीआर बना दी है। ऐसे में अब इस पर स्थान परिवर्तन की राजनीति करना ठीक नहीं है। सीएम के समक्ष स्पष्ट कह दिया है कि टिहरी की भावनाओं की रक्षा की जाए।
उन्होंने नई टिहरी में 31 जुलाई के स्वतरू स्फूर्त आंदोलन का भी स्वागत किया है। कहा कि मेडिकल कॉलेज के लिए टीएचडीसी के अलावा अन्य पीएसयू भी धन देंगे, जिसके लिए उनकी कई स्तर पर बात हुई है। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि जयेंद्र पंवार, मीडिया प्रभारी राजेंद्र डोभाल, हरि सकलानी मौजूद थे।
