triple-it-cultural-festival

प्रयागराज, 30 मार्च । भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी) इलाहाबाद के वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव एफर्वेसेंस के दूसरे दिन सोमवार को परिसर में उत्साह, रचनात्मकता और ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला। विभिन्न संस्थानों से आए प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

‘आला मोड’ फैशन शो का आयोजन मेन स्टेज पर किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मकता और प्रस्तुति कौशल का प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को विभिन्न थीम्स के विकल्प दिए गए थे, जिनके आधार पर उन्होंने अपनी वेशभूषा, शैली और मंच प्रस्तुति तैयार की। प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास, आकर्षक प्रस्तुति और फैशन की समझ के साथ मंच पर अपनी कला का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

ट्रिपल आईटी के मीडिया प्रभारी डॉ पंकज मिश्र ने बताया कि इस आयोजन ने विद्यार्थियों के बीच उत्साह, रचनात्मकता और प्रतिस्पर्धा का माहौल बनाया। यह प्रतिभागियों के लिए अपनी शैली, मौलिकता और मंचीय अभिव्यक्ति को प्रदर्शित करने का एक शानदार मंच साबित हुआ। दर्शकों ने भी कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया और प्रतिभागियों की थीम आधारित प्रस्तुति, आत्मविश्वास और प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने बताया कि दिन की प्रमुख गतिविधियों में क्रॉस रोड्स विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें प्रतिभागियों ने समसामयिक और विविध विषयों पर प्रभावशाली बहस प्रस्तुत की। इस प्रतियोगिता में विचारों का गहन आदान-प्रदान देखने को मिला, जिसने प्रतिभागियों की बौद्धिक क्षमता और तार्किक सोच को उजागर किया।

रचनात्मकता से भरपूर फेस पेंटिंग और कॉस्प्ले प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने बॉडी आर्ट और अभिनव परिधानों के माध्यम से अपनी कल्पनाशीलता का शानदार प्रदर्शन किया। इन कार्यक्रमों को दर्शकों से खूब सराहना मिली। उन्होंने बताया कि फुटलूज़ समूह नृत्य प्रतियोगिता ने अपनी ऊर्जा, ताल और भावनात्मक अभिव्यक्ति से दर्शकों को बांधे रखा। प्रतिभागियों की सटीक कोरियोग्राफी और प्रभावशाली प्रस्तुतियों को भरपूर सराहना मिली। इसके अलावा साइकेडेलिया और इनोवेशन जैसे कार्यक्रमों ने रचनात्मकता और नवाचार को मंच प्रदान किया।

अंत में मीडिया प्रभारी ने बताया कि एफर्वेसेंस का समापन मंगलवार शाम को संस्थान के स्पोर्ट्स ग्राउंड में प्रसिद्ध गायक बेनी दयाल और उनकी टीम के भव्य संगीत कार्यक्रम के साथ होगा। यह महोत्सव युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हुए रचनात्मकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देता है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights