रोहाना चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति, परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार, वैधानिक कार्रवाई के बाद शव सौंपा गया

मुजफ्फरनगर। जनपद में शनिवार को एक दर्दनाक रेल हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से 52 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर रोहाना चौकी प्रभारी मोहित कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान वेद प्रकाश उर्फ वेदू (52 वर्ष) पुत्र अतरू निवासी ग्राम मलीरा, थाना कोतवाली नगर के रूप में हुई। पहचान होने के बाद पुलिस ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार के सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे, जहां अपनों का शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन की टक्कर इतनी भीषण थी कि वेद प्रकाश ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। कुछ देर के लिए रेलवे ट्रैक के आसपास लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो गई, जिसे पुलिस ने समझाकर हटाया और हालात सामान्य कराए। पुलिस ने बताया कि परिजनों ने मृतक का पोस्टमार्टम कराने से स्पष्ट रूप से इनकार कर दिया। इसके बाद नियमानुसार सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने साथ ले गए।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights