नई मंडी पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय शराब तस्कर गिरफ्तार, करीब 7.5 लाख रुपये की अवैध शराब बरामद, उत्तराखंड में होनी थी सप्लाई
मुजफ्फरनगर। जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नई मंडी पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय शराब तस्करी के एक नेटवर्क का पर्दाफाश किया। संयुक्त टीम ने हरियाणा से लाई जा रही 150 पेटी अवैध शराब से भरे अशोक लीलैंड ट्रक को पकड़ते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 7.5 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने शराब के साथ तस्करी में प्रयुक्त ट्रक भी कब्जे में ले लिया है।
नई मंडी थाना अध्यक्ष आनंद देव मिश्रा ने बताया कि यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान की गई। उन्होंने बताया कि थाना नई मंडी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हरियाणा से भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर एक ट्रक मुजफ्फरनगर-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-58) के रास्ते उत्तराखंड की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने हाईवे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध अशोक लीलैंड ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 129 पेटी हरियाणा मार्का देशी शराब और 21 पेटी हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेन्द्र उर्फ बॉबी पुत्र मानसिंह निवासी पीले फ्लैट, हरिश्चंद्र अस्पताल के पास, नरेला (दिल्ली) के रूप में हुई। उसका मूल निवास पंजाब के जालंधर जिले के जडयाला गांव का बताया गया है।
जांच में यह भी सामने आया कि बरामद ट्रक मूल रूप से नई मंडी थाना क्षेत्र के रथेड़ी निवासी रहीश का है। रहीश ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसने ट्रक किस्तों पर खुर्शीद नामक व्यक्ति को दिया था, लेकिन उसने न तो वाहन की किस्तें जमा कीं और न ही वाहन लौटाया। वाहन के टोल प्लाजा से गुजरने के मोबाइल संदेश मिलने पर उसे संदेह हुआ कि ट्रक का उपयोग अवैध गतिविधियों में किया जा रहा है। इसी आधार पर पहले एक मुकदमा दर्ज किया गया था और वाहन की तलाश की जा रही थी।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर हरियाणा से सस्ते दामों में शराब खरीदकर विभिन्न राज्यों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करता था। उसने बताया कि इस बार भी वह 150 पेटी अवैध शराब लेकर उत्तराखंड पहुंचाने जा रहा था, लेकिन रास्ते में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने उसे पकड़ लिया।
बरामदगी में 129 पेटी हरियाणा मार्का देशी शराब, 21 पेटी हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब तथा तस्करी में प्रयुक्त अशोक लीलैंड ट्रक (यूपी-12 एटी-1524) शामिल है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नई मंडी थाने में आबकारी अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपी के फरार साथियों और इस अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है।
