traffic-pressure-rises-nain

नैनीताल, 22 मार्च । नैनीताल में ईद के बाद पर्यटकों की बढ़ती संख्या के कारण यातायात व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। पार्किंग की सीमित व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने कालाढूंगी मार्ग से दोपहिया वाहनों के सीधे नैनीताल में प्रवेश पर रोक लगाकर हल्द्वानी मार्ग से डायवर्ट किया जा रहा है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे के अनुसार यह निर्णय शहर के भीतर यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए लिया गया है, ताकि भीड़भाड़ की स्थिति को कम किया जा सके। इस व्यवस्था के कारण कालाढुंगी के नैनीताल तिराहे पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को असुविधा हुई। मौके पर तैनात पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए जाम खुलवाया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही सुचारू कराई। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार इस प्रकार के कदम आगे भी उठाए जाएंगे।

इधर नगर में भी बड़ी संख्या में ईद मनाने के बाद आये सैलानियों की उपस्थिति देखी गयी, इससे नैनी झील में नौकाओं का मेला सा लगा रहा। साथ ही नगर की अपर व लोवर माल रोड पर भी काफी भीड़ रही। इससे वाहनों को भी काफी धीरे आगे बढ़ना पड़ा।

उधर नैनीताल पुलिस ने कैंची धाम के लिये सप्ताहांत पर बड़ी संख्या में सैलानियों के आने की संभावना को देखते हुए विशेष यातायात योजना लागू की थी, लेकिन श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षा के अनुरूप काफी अधिक नहीं रही। इस कारण दोपहर के बाद भवाली सैनिटोरियम एवं भवाली नगर से आगे सड़कें खाली नजर आयीं।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights