traffic-alert-for-film-festiva

नई दिल्ली, 24 मार्च । राजधानी में बुधवार से शुरू हो रहे फिल्म फेस्टिवल को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर दी है। 31 मार्च तक रोजाना सुबह 10 बजे से रात 10 बजे के बीच मथुरा रोड और भैरों रोड पर पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को तुरंत टो कर लिया जाएगा और वाहन चालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ट्रैफिक पुलिस की ओर से मंगलवार को जारी एडवाइजरी के मुताबिक, टो किए गए वाहनों को भैरों मंदिर के सामने भैरों मार्ग स्थित ट्रैफिक पिट में रखा जाएगा। ऐसे में वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करें, अन्यथा परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ट्रैफिक पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, फेस्टिवल में शामिल होने वाले आमंत्रित अतिथियों के लिए प्रवेश और निकास के विशेष इंतजाम किए गए हैं। अतिथियों को गेट नंबर-4 (भैरों मार्ग) और गेट नंबर-10 (मेट्रो स्टेशन के पास) से आने-जाने की अनुमति होगी।

पार्किंग के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। बेसमेंट पार्किंग-1 में प्रवेश भैरों मार्ग से और बेसमेंट पार्किंग-2 में प्रवेश मथुरा रोड से होगा। इसके अलावा भैरों मंदिर परिसर और नेशनल स्टेडियम में सरफेस पार्किंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

ट्रैफिक पुलिस ने आशंका जताई है कि आयोजन के दौरान मथुरा रोड और भैरों रोड पर यातायात प्रभावित रह सकता है। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और जहां तक संभव हो सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दें। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि लोगों को यात्रा से पहले अपनी योजना तय कर लेनी चाहिए, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights