नीरज प्रजापति
कोतवाली नगर पुलिस ने 1.60 किलोग्राम गांजा किया बरामद, कीमत करीब 80 हजार रुपये, आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस और आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज हैं मुकदमे।
मुजफ्फरनगर। जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांजे की तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.60 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन सवेरा नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर’ अभियान के अंतर्गत की गई। बताया गया कि गत दिवस रविवार को कोतवाली नगर पुलिस की टीम न्याजूपुरा-चरथावल रोड पर काली नदी के पुल के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर वसीम उर्फ लंगड़ा को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1.60 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद मादक पदार्थ की बाजार कीमत लगभग 80 हजार रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपी वसीम उर्फ लंगड़ा पुत्र शब्बीर, अमरूद वाली गली, लद्दावाला, थाना कोतवाली नगर, मुजफ्फरनगर के रूप में पहचान हुई हैं। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार अपराधी का अपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
