नीरज प्रजापति

बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में कराया गया भर्ती, गंभीर हालत के चलते पति दिल्ली रेफर; घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस, कानूनी कार्रवाई शुरू।

मुजफ्फरनगर। जिले के मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव नोना में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पति-पत्नी द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास करने की सूचना पुलिस को मिली। घटना की जानकारी डायल-112 के माध्यम से मिलने के बाद मंसूरपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों को उपचार के लिए बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। उपचार के दौरान पत्नी दीपा (28) की मौत हो गई, जबकि पति दिनेश कुमार (30) की गंभीर हालत को देखते हुए उसे दिल्ली के अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनेश कुमार पुत्र रत्न सिंह और उसकी पत्नी दीपा ने कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर दोनों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। चिकित्सकों ने उपचार के दौरान दीपा को मृत घोषित कर दिया, जबकि दिनेश की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए दिल्ली भेजा गया। घटना में महिला की मौत और उसके पति की गंभीर हालत की खबर से गांव में चर्चा का माहौल बन गया। हालांकि, दंपती ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया और घटना के पीछे क्या वजह रही, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। पुलिस की ओर से भी अभी किसी संभावित कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मंसूरपुर पुलिस ने मृतका दीपा के शव का पंचायतनामा भरकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर कानून एवं शांति व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights