नई दिल्ली, 24 अप्रैल । राऊज एवेन्यू कोर्ट के स्पेशल जज अतुल कृष्ण अग्रवाल ने रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार तीस हजारी कोर्ट के रीडर संजीव को न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
पेशी के दौरान जांच अधिकारी ने कोर्ट को बताया कि संजीव ने शिकायतकर्ता वकील से 23 अप्रैल को लिस्टेड एक जमानत के मामले में रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता की सूचना पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार किया था।
सीबीआई के मुताबिक आरोपित रीडर ने शिकायतकर्ता वकील को रिश्वत के साथ कोर्ट में सुनवाई के पहले बुलाया था, जहां सीबीआई ने जाल बिछाकर रीडर को गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई के मुताबिक आरोपित और शिकायतकर्ता के बीच बातचीत के ट्रांसक्रिप्शन और रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई है। आरोपित संजीव तीस हजारी कोर्ट के फास्ट ट्रैक कोर्ट का रीडर है।
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने सीबीआई से पूछा कि क्या इस मामले में संबंधित जज की कोई भूमिका है तब जांच अधिकारी ने कहा कि नहीं। तब कोर्ट ने कहा कि हर मामले पर नजर है। कोर्ट ने जांच अधिकारी को निर्देश दिया कि वो पर्याप्त जांच करें और कोर्ट को जांच के बारे में सूचित करें।
