three-students-rescued-teen-girl-missing-after-bei

कानपुर, 30 जुलाई । सावन के पहले दिन गुरुवार को बिठूर के गुदारा घाट पर गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। स्नान करने उतरी चार छात्राएं तेज बहाव की चपेट में आ गईं। घाट पर मौजूद लोगों और स्थानीय युवकों ने जान जोखिम में डालकर तीन छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि 16 वर्षीय किशोरी मुस्कान तेज धारा में बह गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश शुरू कर दी।

कन्नौज निवासी अनुश्का कल्याणपुर क्षेत्र में किराये पर रहकर पढ़ाई करती है। उसके साथ रिया कुशवाहा, रिया कश्यप और उसकी मामा की बेटी मुस्कान भी बिठूर घूमने पहुंची थीं। चारों पहले गुदारा घाट पहुंचीं और गंगा में स्नान करने लगीं। इसी दौरान वे गहरे पानी और तेज बहाव में फंस गईं।

घाट पर कॉस्मेटिक की दुकान चलाने वाले रामजी द्विवेदी ने छात्राओं को डूबता देख तुरंत गंगा में छलांग लगा दी। उनके साथ स्थानीय चार अन्य युवक भी बचाव कार्य में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद अनुश्का, रिया कुशवाहा और रिया कश्यप को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन मुस्कान तेज धारा में लापता हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही बिठूर पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश अभियान चलाया गया और किशोरी के परिजनों को भी सूचना दे दी गई। पुलिस का कहना है कि गंगा का जलस्तर और बहाव दोनों तेज हैं, इसलिए लोगों से गहरे पानी में न उतरने की अपील की जा रही है।

रामजी द्विवेदी ने बताया कि लोगों के शोर मचाने पर उन्होंने देखा कि कई लड़कियां पानी में डूब रही थीं। इसके बाद उन्होंने बिना देर किए नदी में छलांग लगाई और एक-एक कर छात्राओं तक पहुंचकर उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया। उनके अनुसार, स्थानीय लोगों के सहयोग से तीन छात्राओं की जान बचाई जा सकी।

बिठूर के कार्यवाहक थाना प्रभारी ने बताया कि तीन छात्राओं को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि लापता किशोरी की तलाश लगातार जारी है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि तेज बहाव के दौरान गंगा में गहरे पानी की ओर न जाएं और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights