the-trailer-of-dupahiya-season-2-has-been-released

मुंबई, 21 सितंबर । प्राइम वीडियो ने अपनी आगामी ओरिजिनल सीरीज ‘दुपहिया’ सीजन 2 का ट्रेलर जारी कर दिया है। ट्रेलर में धड़कपुर के लोगों की जिंदगी में आने वाली नई परेशानियों, उलझनों और हास्य से भरे घटनाक्रमों की झलक देखने को मिलती है। सीजन 1 की कहानी जहां खत्म हुई थी, नया सीजन वहीं से आगे बढ़ेगा। सीरीज का प्रीमियर 01 अक्टूबर 2026 को प्राइम वीडियो पर होगा।

सोनम नायर के निर्देशन में बनी इस सीरीज को बॉम्बे फिल्म कार्टेल एलएलपी के बैनर तले सलोना बैंस जोशी और शुभ शिवदासानी ने बनाया और प्रोड्यूस किया है। अविनाश द्विवेदी और चिराग गर्ग ने सीरीज की रचना के साथ कहानी और पटकथा लिखी है। दूसरे सीजन में गजराज राव, रेणुका शहाणे, स्पर्श श्रीवास्तव, भुवन अरोड़ा, शिवानी रघुवंशी और यशपाल शर्मा अपने प्रमुख किरदारों में लौट रहे हैं। वहीं, दिनेश लाल यादव (निरहुआ) भी इस बार कलाकारों की टोली में शामिल हुए हैं।

ट्रेलर एक बार फिर दर्शकों को धड़कपुर ले जाता है, जिसे कभी भारत का इकलौता अपराध-मुक्त गांव माना जाता था। इस बार बनवारी की बंजर जमीन पर मोबाइल टावर लगने के बाद गांव में अफवाहों और अंधविश्वास का दौर शुरू हो जाता है। दूसरी ओर, रोशिनी अमावस के साथ मिलकर अपनी एसएससी परीक्षा की तैयारी पूरी करने में जुटी है। इन घटनाओं के बीच गांव के लोगों के सामने लगातार नई मुश्किलें और मजेदार परिस्थितियां आती रहती हैं।

सीरीज की निर्देशक सोनम नायर ने कहा कि ‘दुपहिया’ उनके दिल के बेहद करीब है और पहले सीजन को मिले दर्शकों के प्यार ने दूसरे सीजन के लिए उनका उत्साह बढ़ाया है। गजराज राव ने भी कहा कि नए सीजन में पहले से ज्यादा हंगामा, नए ट्विस्ट और सरप्राइज देखने को मिलेंगे, जबकि धड़कपुर के किरदारों का अपनापन और हास्य बरकरार रहेगा। ‘दुपहिया’ सीजन 2 का प्रीमियर 1 अक्टूबर से प्राइम वीडियो पर होगा।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights