मनीष अग्रवाल
सहारनपुर। एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर लौटीं प्राची चौधरी का शुक्रवार को सहारनपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। प्राची के स्वागत के लिए उनके परिजनों के साथ बड़ी संख्या में खेल प्रेमी स्टेशन पहुंचे थे। प्राची चौधरी दिल्ली-सहारनपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस से दोपहर करीब 12:50 बजे सहारनपुर स्टेशन पहुंचीं। ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही भारत माता की जय के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। उनकी बहन, भतीजी और अन्य परिजन पहले से ही स्टेशन पर मौजूद थे। मीडिया से बातचीत में प्राची चौधरी ने बताया कि उनका सपना डीएसपी बनना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को डीएसपी पद पर नियुक्त करती है। प्रतियोगिता मे जाने से पहले उन्होंने अपनी वर्दी के लिए नाप भी दिया था। उन्होंने बताया कि अब वह मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगी। प्राची ने कहा कि उनका अगला लक्ष्य आगामी विश्व चैंपियनशिप में हिस्सा लेकर स्वर्ण पदक जीतना है। इसके साथ ही वह ओलंपिक-2028 की तैयारियों में भी अभी से जुट गई हैं। स्टेशन पर स्वागत के बाद प्राची को खुली जीप में बैठाकर शहर में ले जाया गया। इस दौरान नकुड़ विधायक मुकेश चौधरी, महापौर डॉ. अजय कुमार, राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश सचिव चौधरी धीर सिंह, खेल अधिकारी राहुल चोपड़ा, एथलेटिक्स के सहायक प्रशिक्षक लाल धर्मेंद्र प्रताप तथा जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव डॉ. अशोक कुमार गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
