ब्रह्मप्रकाश शर्मा
गेट गंगा विहार कॉलोनी के निकट आग लगने से मचा हड़कंप, पुलिस बल मौके पर तैनात।
जानसठ। कस्बे में गेट गंगा विहार कॉलोनी के निकट स्थित पाल ट्रेडर्स की दुकान में शनिवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी तत्काल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।
फायर ब्रिगेड कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक दुकान के अंदर आग की लपटें उठ रही थीं। दमकल कर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग को पूरी तरह बुझाने में जुटे हुए थे। आग की तीव्रता को देखते हुए आसपास के लोगों को भी सतर्क किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही जानसठ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह तथा कस्बा चौकी प्रभारी पंकज शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने के लिए कहा। पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की टीम संयुक्त रूप से स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
दुकान में आग किस कारण से लगी, इसका तत्काल पता नहीं चल सका है। आग बुझने के बाद ही नुकसान का वास्तविक आकलन और आग लगने के कारणों की जानकारी स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल दमकल कर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास में जुटे हुए हैं। घटना को लेकर आसपास के लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है।
