नीरज प्रजापति
गुलनाज परवीन को समाजवादी महिला सभा का जिला उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया।
मुज़फ्फरनगर। सुभाष नगर में समाजवादी पार्टी की पीडीए जनपंचायत का आयोजन किया गया। जनपंचायत में क्षेत्र की बदहाल सड़कों, नालियों, स्ट्रीट लाइटों एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। इस दौरान उपस्थित समाजवादी नेताओं ने क्षेत्रवासियों से अपने संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा जनप्रतिनिधियों से जवाबदेही सुनिश्चित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान गुलनाज परवीन को समाजवादी महिला सभा का जिला उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र की महिलाओं को संगठन से जोड़ने तथा उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का कार्य किया जाएगा। जनपंचायत को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के नेता एवं पूर्व विधानपरिषद प्रत्याशी गौरव कुमार जैन ने कहा कि लोकतंत्र में जनता केवल वोट देने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने चुने हुए जनप्रतिनिधियों से सवाल पूछना उसका अधिकार है। उन्होंने कहा, क्षेत्रवासियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना होगा। जिन्हें आपने वोट देकर अपना जनप्रतिनिधि चुना है, उनसे सवाल कीजिए कि आपके मोहल्ले की सड़कें आज तक क्यों नहीं बनीं? नालियों की समुचित व्यवस्था क्यों नहीं हुई? गलियों में स्ट्रीट लाइटें क्यों नहीं लगाई गईं? जनता को मूलभूत सुविधाओं से वंचित क्यों रखा जा रहा है। सपा नेता साजिद हसन ने अपने संबोधन में कहा कि सुभाष नगर की बस्ती की हालत अत्यंत दयनीय है। क्षेत्र की बदहाली के लिए वे जनप्रतिनिधि जिम्मेदार हैं, जिन्होंने चुनाव के समय जनता से वोट तो प्राप्त किए, लेकिन चुनाव जीतने के बाद उनकी समस्याओं से मुँह मोड़ लिया। उन्होंने कहा कि जनता अब अपने अधिकारों और क्षेत्र के विकास को लेकर जागरूक हो रही है। युवजन सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष फिरोज अंसारी ने कहा कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों की पहली जिम्मेदारी जनता की समस्याओं का समाधान करना है। जनता को अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठानी चाहिए। समाजवादी महिला सभा की जिलाध्यक्ष पूजा अम्बेडकर ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना किसी भी क्षेत्र का समुचित विकास संभव नहीं है। समाजवादी महिला सभा क्षेत्र की महिलाओं को संगठित कर उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने कहा, महिला शक्ति को साथ लेकर सुभाष नगर सहित पूरे क्षेत्र के विकास, मूलभूत सुविधाओं एवं महिलाओं के अधिकारों के लिए संघर्ष किया जाएगा। जनपंचायत में वक्ताओं ने पीडीए अर्थात पिछड़ा, दलित एवं अल्पसंख्यक समाज सहित सभी वंचित वर्गों के अधिकारों, सामाजिक न्याय, समानता एवं राजनीतिक भागीदारी पर भी अपने विचार रखे। बैठक को संबोधित करने वालों में मुख्य रूप से समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय सचिव मोहम्मद नियाज,समाजवादी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष अब्दुल मुत्तलिब, सपा नेता डॉ. इसरार, मोहम्मद उमर एवं शाहमीर सालार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे। कार्यक्रम में उपस्थित क्षेत्रवासियों ने सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित समस्याएँ उठाईं। समाजवादी नेताओं ने इन समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाने तथा समाधान के लिए लोकतांत्रिक तरीके से प्रयास करने की बात कही।
