नीरज प्रजापति
मुजफ्फरनगर। आर्य एकेडमी इंटरनेशनल स्कूल में दशहरा पर्व के उपलक्ष्य में रामायण नाटिका एवं रावण दहन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री विष्णु स्वरूप जी, श्री कुलदीप गुप्ता एडवोके जी, एवं श्री प्रवीण गोयल जी उपस्थित रहे। नन्हीं सीता ने मुख्य अतिथियों का स्वागत तिलक लगाकर किया । आयोजन में विद्यार्थियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से भारतीय संस्कृति और परंपराओं का मनोहारी चित्रण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। प्री-प्राइमरी के नन्हे विद्यार्थियों ने रामायण के विभिन्न पात्रों की भूमिका निभाते हुए अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का परिचय दिया। बच्चों ने भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण एवं अन्य पात्रों का सजीव अभिनय कर रामायण के प्रमुख प्रसंगों को मंच पर प्रस्तुत किया। उनकी मनमोहक प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में डांडिया नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति ने चार चाँद लगा दिए। वहीं, माँ महाकाली द्वारा महिषासुर वध के मंचन ने अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया। इसके पश्चात रामायण के प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन किया गया, जिसमें भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, साहस और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा को सुंदर ढंग से दर्शाया गया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रावण दहन रहा। भगवान श्रीराम के जयघोष के बीच रावण दहन किया गया, जिसके साथ ही पूरा परिसर उत्साह और उल्लास से गूँज उठा। आतिशबाजी ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ाया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि अहंकार, अन्याय और बुराई चाहे कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हों, अंततः विजय सत्य, धर्म और सदाचार की ही होती है।
शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थी परिषद् के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम का सफलतापूर्वक संचालन किया । अंत में विद्यालय के प्रबंधक श्री सुघोष आर्य जी ने मुख्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति के लिए आभार व्यक्त किया।
