मनीष अग्रवाल
सहारनपुर। जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान सहारनपुर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन सहारनपुर ने अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ तहसील सदर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रतिभाग किया। इस दौरान अधिकारियों ने जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता, संवेदनशीलता और धैर्यपूर्वक सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण स्थलीय निरीक्षण एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर किया जाए, ताकि फरियादियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके साथ ही सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर जनसमस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण कर उन्हें राहत प्रदान करना और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करना रहा।
