नीरज प्रजापति

मेरठ खंड स्नातक विधान परिषद चुनाव में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर वोट बनवाने का आरोप, समाजवादी पार्टी ने सौंपा ज्ञापन।

मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी की ओर से आज जिला निर्वाचन अधिकारी, जनपद मुज़फ्फरनगर को ज्ञापन देकर आगामी मेरठ खंड स्नातक विधान परिषद चुनाव में फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर मतदाता बनवाने के आरोपों की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।

ज्ञापन में बताया गया कि एमएलसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र मेरठ के अंतर्गत मेरठ मंडल के 6 जनपद तथा सहारनपुर मंडल के 3 जनपद आते हैं। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम 31 तथा लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 के अंतर्गत नियम एवं कानून स्पष्ट बने हुए हैं।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि इन नियमों एवं कानूनों के विपरीत कार्य करते हुए 30 सितंबर 2026 तथा कुछ जनपदों में 1 अक्टूबर 2026 को समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्षों के नेतृत्व में जनपदवार जिलाधिकारियों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को छल-कपट एवं धोखाधड़ी से फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर फर्जी आधार कार्ड तथा फर्जी स्नातक अंतिम वर्ष की मार्कशीट बनाकर फर्जी वोट बनवाने के संबंध में फोटो एवं वीडियो सहित ज्ञापन दिया गया था।

ज्ञापन में भारतीय जनता पार्टी के तत्कालीन संभावित प्रत्याशी तथा वर्तमान प्रत्याशी एवं उनके सोशल मीडिया अकाउंट द्वारा बल्क में वोट बनवाने की कथित अवैध प्रक्रिया का प्रचार-प्रसार करने का आरोप भी लगाया गया।

ज्ञापन के अनुसार, नॉमिनेशन की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद 10 अक्टूबर 2026 को आई मतदाता सूची का अवलोकन करने पर यह बात संज्ञान में आई कि भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी तथा पूर्वकालिक संभावित प्रत्याशियों द्वारा विभिन्न कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों से बिना किसी स्नातक की सहमति एवं हस्ताक्षर के उनका डेटा निकालकर वोट बनवाने का गैरकानूनी कार्य किया गया।

यह भी आरोप लगाया गया कि आधार कार्ड के स्थान पर डेटाबेस में आई ग्रेजुएशन की अंतिम वर्ष की मार्कशीट का इस्तेमाल करते हुए उसी नाम से अपने व्यक्तियों के नाम एवं आधार कार्ड लगाकर अथवा अपने व्यक्तियों के आधार कार्ड के आधार पर नॉन-ग्रेजुएट लोगों की फर्जी ग्रेजुएशन अंतिम वर्ष की अंकपत्र बनाकर मतदाता बनवाने के लिए छल-कपट एवं धोखाधड़ी से फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए।

ज्ञापन में कहा गया कि यह कार्य मुख्य रूप से गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, मुज़फ्फरनगर एवं सहारनपुर जनपद में किया गया है।

ज्ञापन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 318(3), 318(2), 336(3), 338, 340, 61(2) तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम 30 एवं लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 30 का उल्लेख करते हुए इसे गंभीर अपराध बताया गया।

समाजवादी पार्टी की ओर से मांग की गई कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया के विरुद्ध फर्जी मतदान एवं फर्जी आधार कार्ड के आधार पर मतदाता बनने से रोका जाए तथा वोट बनवाने में किए गए गंभीर अपराध के अपराधियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

साथ ही लोगों को जागरूक करने की मांग की गई कि वे फर्जी आधार कार्ड के आधार पर मतदान में हिस्सेदारी न करें, अन्यथा उनके विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञापन देने वालो में मुख्यरूप से पुष्पेंद्र त्यागी उर्फ बॉबी महानगर अध्यक्ष, चो.ईलम सिंह गुर्जर प्रदेश सचिव,गौरव जैन पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता लोहिया वाहिनी,पवन बंसल जिलाउपाध्यक्ष, चो. विकिल अहलावत”गोल्डी” पूर्व जिला महासचिव, पूजा अनिल अम्बेडकर ज़िला अध्यक्ष महिला सभा,सलीम मलिक महानगर महासचिव,असद पाशा,रामपाल सिंह पाल प्रदेश सचिव पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ,अनुज गुर्जर,रविकांत त्यागी,तहसीन मंसूरी आदि लोग मौजूद रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights