हमीरपुर, 07 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक मुकदमे में आरोपित को जमानत दिलाने के नाम पर 25 हजार रुपये मांगने के आरोप में बिवांर थाना में तैनात दारोगा माे. सुल्तान के खिलाफ बुधवार को रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता ने दारोगा पर अपने देवर से रुपये मांगने का आरोप लगाते हुए बातचीत का ऑडियो वायरल होने की बात भी कही है।
मामला बिवांर थाना क्षेत्र का है। शिकायतकर्ता कल्पना सिंह पत्नी धर्मेंद्र सिंह निवासी पौथिया बुजुर्ग ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने 9 अगस्त 2026 को भुजबल आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की विवेचना दारोगा माे. सुल्तान कर रहे हैं। आरोप है कि मुकदमे में सहयोग करने के नाम पर दारोगा ने उसके देवर जितेंद्र सिंह से 25 हजार रुपये लिए। इसके बाद मुकदमे में आरोपित दीपांशु सिंह को जमानत दिलाने के नाम पर जितेंद्र से फोन पर 25 हजार रुपये और मांगे। शिकायतकर्ता के अनुसार इस बातचीत का ऑडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें उसके देवर जितेंद्र और दारोगा माे. सुल्तान की आवाज होने का दावा किया गया है। शिकायतकर्ता ने मामले में पुलिस अधिकारियों से जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के आधार पर दारोगा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। एसपी मृगांग शेखर पाठक ने बुधवार को बताया कि भ्रष्टाचार के मामले में कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा।मामले की जांच की जा रही है दाेषी पाये जाने पर दाराेगा के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ————–
