student-drowned-pannel-post-ma

नोएडा, 09 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के नोयडा में थाना सेक्टर 126 क्षेत्र के सेक्टर 94 के पास एक सोसाइटी के निर्माण के लिए खोदे गए बेसमेंट के गड्ढे में भरे पानी में डूबने से 23 वर्षीय निजी विश्वविद्यालय के फिजिकल एजुकेशन के छात्र की बुधवार की शाम को मौत हो गई । पेपर खत्म होने के बाद उसने अपने तीन सहपाठियों के साथ बैठकर शराब पी। उसके बाद वह गड्ढे में नहाने चला गया था। पुलिस ने शव का तीन डॉक्टरों के पैनल से आज सुबह को पोस्टमार्टम करवाया। मृतक के पिता लद्दाख से दिल्ली पहुंच रहे हैं। वह रिटायर्ड सैन्य कर्मी है। मृतक छात्र के परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका जताई है। उनके अनुसार उनका बेटा शराब नहीं पीता था।

पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) साद मिया खान ने बताया कि सेक्टर 125 स्थित एमिटी विश्वविद्यालय से फिजिकल एजुकेशन की पढ़ाई करने वाले हर्षित भट्ट उम्र 23 वर्ष अपने तीन अन्य सहपाठियों हिमांशु, व्यास, कृष के साथ बुधवार शाम को कॉलेज से पेपर देकर निकले। पेपर अच्छा गया था। चारों दोस्तों ने सेक्टर 94 के पास बैठकर एक साथ मदिरा पी। हर्षित ने शराब का नशा होने के बाद पास में ही एक सोसाइटी बनाने के लिए खोदे गए बेसमेंट के गढ्ढे में भरे पानी में तैरने चला गया। उन्होंने बताया कि गहरे गड्ढे में तैरते समय वह पानी में डूब गया। उसके दोस्त भी उसे बचाने के लिए गड्ढे में कूदे। वह भी डूबने लगे। आसपास के लोगों ने तीनों को बचाया, तथा पुलिस को सूचना दी।

एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड, पुलिस मौके पर पहुंची। आधे घंटे की मशक्कत के बाद हर्षित को को पानी से बाहर निकला गया। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि जहां पर यह गड्ढा है उसके चारों तरफ करीब 8 फीट ऊंची बैरिकेटिंग लगाई गई है। पोस्टमार्टम हाउस के सामने कुछ हिस्सा खुला हुआ है, उसी के अंदर से घुसकर हर्षित गड्ढे में नहाने गया था। उन्होंने बताया कि इस मामले में मृतक के परिजनों ने अभी तक पुलिस से कोई शिकायत नहीं की है। वहीं मृतक की मां ने पुलिस से कहा कि उसका बेटा शराब नहीं पीता था। उन्होंने यह भी कहा है कि उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान है। उन्होंने आशंका व्यक्त की है कि उसके बेटे के साथ मारपीट कर गड्ढे में धकेला गया है। डीसीपी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने हर्षित के दोस्तों से पूछताछ की है। पेपर अच्छा होने के बाद पार्टी की योजना बनाई गई थी। जिस प्लांट के गढ्ढे में डूबने से छात्र की मौत हुई वहा उत्तर प्रदेश निर्माण निगम के द्वारा निर्माण किया जा रहा था। आसपास के लोगों ने बताया कि यह जगह काफी समय से खाली थी। बाद में इसकी खुदाई कराई गई, लेकिन पिछले कुछ साल से यहां पानी भरा है। इसकी गहराई 30 से 40 फिट होने का अनुमान है। उनके अनुसार गड्ढे के अंदर दलदल है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights