special-traffic-plan-implement

नैनीताल, 15 मई । नैनीताल पुलिस ने कैंची धाम, भवाली, भीमताल तथा हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र में सप्ताहांत के दौरान बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए 16 और 17 मई को विशेष यातायात एवं डायवर्जन योजना लागू की है। यह व्यवस्था प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से रात्रि 10 बजे तक प्रभावी रहेगी, जबकि यात्रा मार्गों पर भारी वाहनों का संचालन प्रातः 6 बजे से रात्रि 11 बजे तक पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने पर्यटकों, वाहन स्वामियों एवं आमजन से निर्धारित यातायात योजना का पालन करने की अपील की है।

यातायात योजना के अनुसार अल्मोड़ा एवं रानीखेत की ओर से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग से भेजा जाएगा। हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले आवश्यक सेवा से जुड़े भारी वाहन निर्धारित मार्ग से जा सकेंगे, जबकि अन्य भारी वाहनों को मस्जिद तिराहा भवाली से पूर्व रोका जाएगा अथवा रामगढ़ और खुटानी मार्ग से भेजा जाएगा। बाहरी राज्यों एवं जनपदों से निजी वाहनों से आने वाले पर्यटकों के वाहन भीमताल विकास भवन पार्किंग तथा भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में खड़े कराए जाएंगे, जहां से उन्हें शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम भेजा जाएगा।

सप्ताहांत के दौरान टैक्सी दोपहिया वाहनों का कैंची धाम में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। बरेली रोड, रुद्रपुर तथा रामनगर-बाजपुर से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 16 और 17 मई को अपराह्न 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक एलपीजी वाहनों को छोड़कर सब्जी, ईंधन और दूध सहित आवश्यक सेवाओं के भारी वाहनों का संचालन भी प्रतिबंधित रहेगा।

भवाली मस्जिद तिराहा एवं नैनीताल से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले पर्यटक वाहनों को अपराह्न 4 बजे से रात्रि 9 बजे तक रूसी बाईपास और मंगोली होते हुए कालाढूंगी मार्ग से भेजा जाएगा।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights