मनीष अग्रवाल
- सहारानपुर। आगामी श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 के दृष्टिगत पुलिस उपमहानिरीक्षक एव वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र, अभिषेक सिंह सहारनपुर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अभिनन्दन सहारनपुर द्वारा जनपद में कांवड़ यात्रा के निर्धारित मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात, प्रभारी यातायात, क्षेत्राधिकारी सदर सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा काली नदी, बड़कला, गागलहेड़ी, राकेश केमिकल, घंटाघर, चौकी नकुड़ तिराहा, सरसावा, सरसावा कट, राष्ट्रीय राजमार्ग तथा हरियाणा बॉर्डर स्थित चौकी शाहजहाँपुर का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग पर बैरिकेडिंग, डायवर्जन व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता, संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, पुलिस पिकेट एवं ड्यूटी प्वाइंट, आपातकालीन सेवाओं, कंट्रोल रूम, अग्निशमन एवं स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही कांवड़ियों की सुविधा, निर्बाध एवं सुरक्षित आवागमन तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण सतर्कता, संवेदनशीलता एवं समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। कांवड़ मार्ग पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, यातायात बाधा अथवा कानून-व्यवस्था संबंधी स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं, जिससे कांवड़ यात्रा सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराई जा सके।
