दधेड़ू खुर्द के पास दर्दनाक सड़क हादसा: पिकअप की टक्कर से 21 वर्षीय युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
-सुबह मुजफ्फरनगर जाते समय हुआ हादसा, गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, उपचार के दौरान तोड़ा दम
मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र के ग्राम दधेड़ू खुर्द के पास शनिवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम दधेड़ू खुर्द निवासी नासिर (21 वर्ष), पुत्र नसीम शनिवार सुबह करीब 10 बजे अपनी मोटरसाइकिल से किसी कार्य से मुजफ्फरनगर जा रहा था। जैसे ही वह दधेड़ू खुर्द से पहले सड़क किनारे स्थित मस्जिद के समीप पहुंचा, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नासिर सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना तत्काल एम्बुलेंस और पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस ने गंभीर रूप से घायल नासिर को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
युवक की मौत की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, परिवार में चीख-पुकार मच गई। अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं गांव में भी मातम का माहौल है। नासिर की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और ग्रामीणों ने भी घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
