नीरज प्रजापति
डॉ. संजीव बालियान ने निभाया वादा; गृह राज्यमंत्री से हुई अहम मुलाकात
आर्थिक सहायता, शहीद सम्मान, पुत्र को नौकरी और घटना की निष्पक्ष जांच की उठी मांग; मोहन प्रजापति ने डॉ. संजीव बालियान व गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय का जताया आभार
मुजफ्फरनगर। देश की रक्षा करते हुए कश्मीर के बारामुला में वीरगति को प्राप्त हुए बीएसएफ के जवान शहीद शिवदत्त प्रजापति के परिवार की न्याय और सम्मान की लड़ाई अब दिल्ली तक पहुंच गई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने अपने वादे को निभाते हुए शहीद के परिजनों की केंद्रीय गृह राज्यमंत्री से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात कराई, जहां परिवार की सभी प्रमुख मांगों को विस्तार से रखा गया। ज्ञात हो कि शहीद शिवदत्त प्रजापति की शहादत के बाद भोपा क्षेत्र में जनभावनाओं को देखते हुए धरना-प्रदर्शन किया गया था। उस समय पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने आश्वासन दिया था कि वह स्वयं शहीद के परिवार को केंद्र सरकार के समक्ष लेकर जाएंगे और उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास करेंगे। उसी वादे को पूरा करते हुए उन्होंने दिल्ली में यह महत्वपूर्ण मुलाकात कराई।

इस दौरान अति पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहन प्रजापति एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अमित राठी भी शहीद के परिजनों के साथ मौजूद रहे। डॉ. संजीव बालियान ने केंद्रीय गृह राज्यमंत्री के समक्ष शहीद परिवार की ओर से आर्थिक सहायता, शहीद को मिलने वाले सभी सरकारी सम्मान एवं सुविधाएं, शहीद के पुत्र को सरकारी नौकरी तथा शहादत की परिस्थितियों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई।
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने शहीद के परिवार की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों और उनके परिवारों के सम्मान एवं अधिकारों के प्रति सरकार पूरी तरह संवेदनशील है। बैठक के बाद अति पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहन प्रजापति ने समाज की ओर से पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने जो वादा किया था, उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाया। उन्होंने केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय का भी धन्यवाद ज्ञापित किया और उम्मीद जताई कि शहीद परिवार की सभी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय होगा।
मोहन प्रजापति ने कहा कि शहीद केवल किसी एक परिवार का नहीं बल्कि पूरे देश का गौरव होता है। ऐसे वीर सपूतों के परिजनों को सम्मान, सुरक्षा और न्याय दिलाना समाज और सरकार दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार शहीद शिवदत्त प्रजापति के परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी। इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान बुलंदशहर से सांसद , वरिष्ठ भाजपा नेता अमित राठी सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। शहीद के परिवार ने भी पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय तथा सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए न्याय और सम्मान की दिशा में इस पहल को महत्वपूर्ण कदम बताया।
