seven-years-later-a-loving-co

देवरिया, 28 मई । महिला थाना देवरिया की सराहनीय पहल और लगातार काउंसलिंग के बाद सात वर्षों से साथ रह रहे एक प्रेमी युगल ने आखिरकार कोर्ट मैरिज कर वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की। महिला थाना पुलिस की इस पहल की क्षेत्र में काफी सराहना हो रही है।

थानाध्यक्ष पुनम यादव ने बुधवार को बताया कि ग्राम परारी थाना रामपुर कारखाना निवासी सीमा यादव ने 25 अप्रैल को महिला थाना पहुंचकर तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि वह अपने गांव के ही निवासी मुकेश यादव के साथ पिछले सात वर्षों से सूरत में रह रही थीं। इस दौरान दोनों ने औपचारिक शादी नहीं की थी, लेकिन उनके दो बच्चे भी हो चुके हैं।

सीमा यादव ने बताया कि जब वह अपने ससुराल पहुंचीं तो ससुराल पक्ष के लोगों ने उन्हें घर में रखने से इंकार कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थानाध्यक्ष पुनम यादव ने दोनों पक्षों को महिला थाना स्थित मिशन शक्ति केंद्र पर बुलाया और कई चरणों में काउंसलिंग की।

काउंसलिंग के दौरान महिला थानाध्यक्ष ने मुकेश यादव को समझाया कि यदि वह विधिक रूप से विवाह नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस द्वारा उन्हें रजिस्टर्ड विवाह करने की सलाह दी गई।

लगातार समझाने और काउंसलिंग के बाद मुकेश यादव ने सीमा यादव के साथ न्यायालय में कोर्ट मैरिज कर ली। बाद में दोनों ने अपना मैरिज सर्टिफिकेट महिला थाना में प्रस्तुत किया। इसके बाद महिला थाना परिसर में दोनों ने एक-दूसरे को माला पहनाकर मिठाई खिलाई और खुशी जाहिर की। महिला थाना पुलिस ने दोनों को उनके बच्चों के साथ सम्मानपूर्वक विदा किया।

इस सराहनीय कार्य में महिला थानाध्यक्ष पुनम यादव, पाराविधिक स्वयं सेवक सुमन पाण्डेय, ज्योति सिंह तथा महिला आरक्षी गुड़िया यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

———–

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights