नीरज प्रजापति
मौसा की बर्थडे पार्टी से लौट रहा था परिवार, लक्सर मार्ग पर हादसे ने मचाया कोहराम; पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में लिया
मुजफ्फरनगर। पुरकाजी क्षेत्र में लक्सर मार्ग पर सोमवार व मंगलवार की रात को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और डंपर की आमने-सामने की हुई भीषण भिड़ंत में स्कॉर्पियो सवार चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस- प्रशासन में हड़कंप मच गया और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। जानकारी के अनुसार थाना नई मंडी क्षेत्र के श्री हरि वृंदावन निवासी एक परिवार स्कॉर्पियो में सवार होकर मौसा की बर्थडे पार्टी में शामिल होने के बाद वापस लौट रहा था। परिवार को शायद अंदाजा भी नहीं था कि घर लौटते समय रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है। पुरकाजी थाना क्षेत्र में लक्सर मार्ग पर पहुंचते ही स्कॉर्पियो की सामने से आ रहे डंपर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायलों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहन से घायलों को बाहर निकलवाया। हादसे में आदेश, निशा, श्रद्धा और राखी की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं रूबी, कुसुम और एक बच्ची गंभीर रूप से घायल बताई गई हैं। तीनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई बताई जा रही है।हादसे की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। SSP संजय वर्मा और SP सिटी अमृत ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिसकर्मियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। पुलिस ने हादसे में शामिल डंपर को कब्जे में लेते हुए उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की सूचना परिवार के लोगों तक पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। बर्थडे पार्टी से हंसी-खुशी लौट रहा परिवार कुछ ही पलों में मातम में बदल गया। हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
