satpal-mahara-visited-ekeshwar

पौड़ी गढ़वाल, 05 जुलाई । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत रविवार को प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, ग्रामीण निर्माण, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री व चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने विकासखंड एकेश्वर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र को विकास योजनाओं की सौगात दी, विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया तथा स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं। कैबिनेट मंत्री ने मज्याड़ी, अमुली, ग्वाडमल्ला, पणखेत सहित विभिन्न क्षेत्रों में भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन तथा सशक्त मंडल-सशक्त संगठन के अंतर्गत आयोजित बैठकों में भाग लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से पूरे प्रदेश में सेवा पखवाड़ा अभियान संचालित किया जा रहा है।

इस अवसर पर उन्होंने 55 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 1.8 किलोमीटर लंबे मज्याडी-गोची गांव-पिलखेत मोटर मार्ग (द्वितीय चरण, स्टेज-1) तथा 20 लाख रुपये की लागत से विकासखंड मुख्यालय एकेश्वर में टाइप-2 भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में सड़क, पेयजल, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में अनेक विकास परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है।

प्रस्तावित सतपुली एवं स्यूंसी झील परियोजनाएं क्षेत्र में पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति देंगी। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क के विस्तार और पंचायत भवनों के निर्माण से ग्राम पंचायतें अधिक सशक्त होंगी। उन्होंने अधिकारियों को सभी विकास कार्य निर्धारित समयसीमा एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि सरकार गांव-गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में सुयश रावत, कमल किशोर, बृजमोहन, राकेश नैथानी, सुनील, वेद प्रकाश वर्मा, नरेंद्र डंडरियाल, देवेंद्र भट्ट, पंकज, जगदंबा, रमेश डंडरियाल, जयपाल, सुखदेव सिंह, दीपक डंडरियाल, दीपक ग्वाड़ी, हरवेंद्र सिंह, देवेश सुंदरियाल आदि शामिल रहे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights