नीरज प्रजापति
पुलिस टीम पर फायरिंग का आरोप, जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल, जिंदा गौवंश, चोरी की बाइक, गौकशी के उपकरण और तमंचे बरामद, थाना प्रभारी राकेश कुमार ने कहा, अपराधियों को किसी कीमत पर नहीं मिलेगा संरक्षण
मुजफ्फरनगर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चल रही पुलिस कार्रवाई के बीच थाना रतनपुरी क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। रतनपुरी थाना अध्यक्ष राकेश कुमार ने मुठभेड़ में 15 हजार रुपये के इनामी समेत दो शातिर एवं हिस्ट्रीशीटर गौकश घायल होकर पुलिस के हत्थे चढ़ गए। दोनों के कब्जे से जिंदा गौवंश, गौकशी के उपकरण, चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध हथियार बरामद होने का दावा किया है।
थाना प्रभारी राकेश कुमार के बताया कि पुलिस टीम ग्राम टोडा नगला मार्ग पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान चकरोड पर एक मोटरसाइकिल खड़ी दिखाई दी। पुलिस टीम जब जांच के लिए पहुंची तो वहां मौजूद दो व्यक्तियों ने पुलिस को देखकर कथित रूप से जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। वहीं टीम ने पहले आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन फायरिंग जारी रहने पर पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। इसमें रिजवान पुत्र बाबू और रिहान पुत्र बाबू घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
15 हजार का इनामी भी पुलिस की पकड़ में
रतनपुरी थाना अध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार रिजवान थाना रतनपुरी का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वह थाना भोजपुर, गाजियाबाद में दर्ज एक मामले में वांछित था और उस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था। दूसरा आरोपी रिहान भी हिस्ट्रीशीटर बताया गया है।
हथियारों से लेकर गौकशी के औजार तक बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक जिंदा गौवंश, चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, दो छुरी, दो दाव, लकड़ी के गुटके तथा 315 और 12 बोर के तमंचे, जिंदा एवं खोखा कारतूस बरामद किए हैं। थाना प्रभारी राकेश कुमार ने स्पष्ट किया कि रतनपुरी पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि कानून तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर संरक्षण नहीं मिलेगा और पुलिस द्वारा प्रत्येक कार्रवाई कानून के दायरे में की जाएगी। मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में शातिर अपराधियों के बीच पुलिस की कार्रवाई को लेकर हड़कंप मचा हुआ है।
