नीरज प्रजापति

नाबालिग किशोरी से कथित छेड़छाड़ और जबरन उठाकर ले जाने के मामले पर गोरख सेवा समिति ने खोला मोर्चा, शातिरों पर ऐसी कार्रवाई की मांग कि अपराध करने से पहले कांप उठे बदमाश

मुजफ्फरनगर। जनपद में नाबालिग किशोरी के साथ कथित छेड़छाड़ और उसे जबरन उठाकर ले जाने के गंभीर आरोपों ने कानून-व्यवस्था और बेटियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है। इसी बीच गोरख सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र नायक ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से आरोपियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई किए जाने की जोरदार मांग की है। रविन्द्र नायक ने कहा कि बेटियों की इज्जत और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के लिए समाज में कोई जगह नहीं होनी चाहिए। ऐसे मामलों में पुलिस को पूरी गंभीरता के साथ जांच करते हुए दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि अपराधियों को यह स्पष्ट संदेश मिले कि कानून की पकड़ से कोई नहीं बच सकता। उन्होंने कहा कि यदि आरोप जांच में सही साबित होते हैं तो आरोपियों के खिलाफ ऐसी प्रभावी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, जो पूरे अपराधी गिरोह और असामाजिक तत्वों के लिए सबक बन जाए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की तेजी से जांच, आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की मांग की।

कानून का ऐसा खौफ हो कि बेटियों की ओर आंख उठाने से पहले कांपें अपराधी

रविन्द्र नायक ने कहा कि पुलिस प्रशासन को अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अपराधियों में कानून का खौफ होना बेहद जरूरी है। यदि कोई आरोपी पुलिस पर हमला करता है या मुठभेड़ जैसी कानूनन परिस्थितियां उत्पन्न होती हैं, तो पुलिस को आत्मरक्षा में प्रभावी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून से बड़ा कोई नहीं है। प्रशासन ऐसी कार्रवाई करे कि भविष्य में कोई भी अपराधी नाबालिग बच्चियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने का दुस्साहस न कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights