जीवन प्रकाश हॉस्पिटल पहुंचकर चिकित्सकों का किया सम्मान, सेवा, संवेदनशीलता और स्वास्थ्य जागरूकता का दिया संदेश

नीरज प्रजापति

मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर पचेंडा रोड स्थित पी.आर. पब्लिक स्कूल द्वारा समाज के स्वास्थ्य रक्षकों को सम्मानित करने के उद्देश्य से एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों के साथ भोपा रोड स्थित जीवन प्रकाश हॉस्पिटल पहुंचकर चिकित्सकों का आत्मीय स्वागत किया और उन्हें स्मृति-चिह्न एवं उपहार भेंट कर उनके प्रति सम्मान, कृतज्ञता और आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में सेवा, संवेदनशीलता और सम्मान जैसे मानवीय मूल्यों को और अधिक मजबूत करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के महत्व पर आयोजित विशेष सत्र से हुई। इस दौरान शिक्षिका आंचल गुप्ता ने छात्र-छात्राओं को चिकित्सक दिवस मनाए जाने के इतिहास, उद्देश्य और समाज में डॉक्टरों की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि डॉक्टर केवल बीमारियों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि अपने ज्ञान, समर्पण और सेवा-भाव से अनगिनत लोगों को नया जीवन देने का कार्य करते हैं।
इसके उपरांत विद्यालय के शिक्षक चेतना मल्हन, प्रियांशी राजपूत और विशांक त्यागी विद्यार्थियों के साथ जीवन प्रकाश हॉस्पिटल पहुंचे, जहां उन्होंने डॉ. मनोज काबरा (डायबिटोलॉजिस्ट), डॉ. नीरज काबरा (बाल रोग विशेषज्ञ), डॉ. विभोर जैन (ईएनटी विशेषज्ञ) तथा डॉ. यश अग्रवाल (किडनी विशेषज्ञ) का सम्मान किया। विद्यार्थियों ने डॉक्टरों को स्मृति-चिह्न और उपहार भेंट करते हुए कहा कि चिकित्सक अपने अथक परिश्रम, सेवा-भाव और समर्पण के कारण समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं तथा मानवता की सच्ची सेवा कर रहे हैं।
सम्मान समारोह के दौरान चिकित्सकों ने भी विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने, स्वच्छता बनाए रखने, संतुलित भोजन लेने और स्वास्थ्य के प्रति हमेशा सजग रहने की प्रेरणा दी। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि यदि जीवन में बड़े लक्ष्य हासिल करने हैं तो मेहनत, अनुशासन, लगन और आत्मविश्वास को अपना सबसे बड़ा साथी बनाना होगा।


विद्यालय के प्रधानाचार्य अनघ सिंघल ने कहा कि राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस हमें उन सभी डॉक्टरों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने का अवसर देता है, जो दिन-रात मानव सेवा के लिए समर्पित रहते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा चिकित्सकों का सम्मान करना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी और संस्कारों का परिचायक है। ऐसे आयोजन बच्चों में सेवा, संवेदनशीलता, कृतज्ञता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रबंधक अशोक सिंघल ने सभी चिकित्सकों को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्कृष्ट योगदान की सराहना की। वहीं जीवन प्रकाश हॉस्पिटल के चिकित्सकों ने विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार द्वारा दिए गए इस स्नेह, सम्मान और अपनत्व के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में डॉक्टरों और नागरिकों के बीच विश्वास और सम्मान के रिश्ते को और अधिक मजबूत बनाते हैं। पूरे कार्यक्रम का वातावरण सम्मान, प्रेरणा और सेवा-भाव से ओत-प्रोत रहा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights