रोहित हत्याकांड का 48 घंटे के भीतर खुलासा, मृतक का मोबाइल और अवैध तमंचा बरामद
मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना क्षेत्र के चर्चित रोहित हत्याकांड का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया। हत्या के आरोप में वांछित पशु चिकित्सक डॉक्टर राहुल को पुलिस ने देर रात हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी के कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन और एक अवैध तमंचा बरामद हुआ है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक की पत्नी से आरोपी की नजदीकियां हो गई थीं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। विरोध से नाराज आरोपी ने सुनियोजित तरीके से रोहित को शराब पिलाई और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। शाहजुड्डी गांव निवासी मेहर सिंह ने 20 जून को अपने पुत्र रोहित के लापता होने की सूचना शाहपुर पुलिस को दी थी। परिजनों के अनुसार रोहित को गांव में आने-जाने वाले पशु चिकित्सक राहुल ने मिलने के लिए बुलाया था, जिसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। पुलिस द्वारा तलाश अभियान चलाया गया और 21 जून को रोहित का शव गांव शाहजुड्डी के जंगल में नाले के पास बरामद हुआ। शव मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या का आरोप डॉक्टर राहुल और उसके साथियों पर लगाते हुए तहरीर दी, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। हत्या के आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस को रात के समय मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी सौरम पुलिया की ओर आने वाला है और फरार होने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।
कुछ देर बाद एक संदिग्ध युवक पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने तमंचे से फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल हो गया। इसके बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी डॉक्टर राहुल ने हत्या की पूरी कहानी पुलिस के सामने उगल दी। उसने बताया कि वह आसपास के गांवों में पशुओं का उपचार करता था और इसी दौरान उसका रोहित के घर आना-जाना था। इस दौरान रोहित की पत्नी से उसकी नजदीकियां बढ़ गई थीं।
जब रोहित को इस संबंध की जानकारी हुई तो उसने इसका विरोध शुरू कर दिया। इसी रंजिश ने हत्या का रूप ले लिया। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 20 जून की रात रोहित को ट्यूबवेल पर बुलाया, शराब पिलाई और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को ईख के खेत के पास नाली किनारे छिपाकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतक रोहित का मोबाइल फोन बरामद किया है। इसके अलावा एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया गया है। बरामदगी को मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी डॉक्टर राहुल के खिलाफ पहले भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। हत्या के इस मामले के अलावा उस पर अन्य गंभीर धाराओं में भी मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। पुलिस आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और उसके संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। रोहित की हत्या ने शाहजुड्डी और आसपास के गांवों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया था। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किए जाने और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में राहत की भावना देखी जा रही है। वहीं पुलिस अब इस हत्याकांड में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच कर रही है, ताकि पूरे मामले की परत-दर-परत सच्चाई सामने लाई जा सके।
