थाना प्रभारी आनंद देव मिश्रा के नेतृत्व में सटीक कार्रवाई, पुलिस पर फायरिंग करने वाला बदमाश गोली लगने के बाद दबोचा गया; दूसरा साथी फरार, तलाश तेज

 

नीरज प्रजापति

मुजफ्फरनगर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ नई मंडी थाना पुलिस का अभियान लगातार धारदार होता जा रहा है। महिला के कानों से कुंडल लूटकर फरार हुए शातिर बदमाशों को यह अंदाजा भी नहीं था कि कानून की पकड़ उनसे इतनी जल्दी टकरा जाएगी। महज 24 घंटे के भीतर थाना नई मंडी पुलिस ने न सिर्फ वारदात का खुलासा कर दिया, बल्कि पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाले एक बदमाश को मुठभेड़ में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई ने अपराधियों के बीच जबरदस्त दहशत पैदा कर दी है।
पुलिस के अनुसार 31 जुलाई की रात कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत हाईवे कांवड़ मार्ग पर रथेड़ी कट के पास थाना नई मंडी पुलिस टीम सुरक्षा व्यवस्था और सघन चेकिंग में जुटी हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक दिन पहले शांतिनगर क्षेत्र में महिला के कानों से कुंडल लूटकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश दोबारा किसी बड़ी वारदात की फिराक में मेरठ की ओर से आ रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आनंद देव मिश्रा ने पूरी टीम को सतर्क कर बैरिकेडिंग और घेराबंदी कराई। कुछ ही देर बाद एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया तो दोनों बदमाश बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

जान की परवाह किए बिना पुलिस टीम ने संयम और बहादुरी का परिचय देते हुए जवाबी कार्रवाई की। नयारा पेट्रोल पंप के पास अंधेरे और तेज रफ्तार के कारण बदमाशों की बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद एक बदमाश बाइक लेकर जंगल की ओर भाग निकला, जबकि दूसरा ईख के खेतों की ओर भागते हुए लगातार पुलिस पर फायर करता रहा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में लगी, जिससे वह मौके पर ही धर दबोचा गया।
गिरफ्तार घायल बदमाश की पहचान राजकुमार पुत्र प्रेम बावरिया, निवासी ग्राम खानपुर थाना झिझाना, जनपद शामली (हाल निवासी मील मंसूरपुर, जनपद मुजफ्फरनगर) के रूप में हुई। उसके कब्जे से एक 315 बोर तमंचा, नाल में फंसा खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा महिला से लूटा गया पीली धातु का कुंडल बरामद किया गया। पूछताछ में उसके आपराधिक इतिहास की जांच की गई तो उसके खिलाफ जीआरपी मेरठ में कई मुकदमे दर्ज पाए गए।


फरार आरोपी की पहचान संजय उर्फ संजू पुत्र विक्रम बावरिया, निवासी ग्राम खानपुर थाना झिझाना, जनपद शामली के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
थाना प्रभारी आनंद देव मिश्रा के नेतृत्व में हुई इस तेज़ और प्रभावी कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया है कि नई मंडी पुलिस अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है। महिला से लूट जैसी गंभीर वारदात का मात्र 24 घंटे में खुलासा कर पुलिस ने न केवल पीड़िता को न्याय दिलाने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की, बल्कि यह संदेश भी दिया कि कानून से टकराने वालों का अंजाम सलाखों के पीछे ही होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights