nepal-rain-landslide-road-bloc

काठमांडू, 25 सितंबर । नेपाल की राजधानी काठमांडू आने-जाने वाले सभी प्रमुख राजमार्ग भूस्खलन के कारण अवरुद्ध हो गए हैं। गुरुवार दोपहर से लगातार हो रही बारिश के कारण पृथ्वी राजमार्ग, कान्ति लोकपथ और बीपी राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है।

पुलिस के अनुसार, धादिंग के कृष्णभीर समेत आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर भूस्खलन हुआ है। धादिंग जिला पुलिस कार्यालय के एसपी सुमित खड्का ने बताया कि कृष्णभीर समेत सात स्थानों पर रात में पत्थरों के साथ भूस्खलन होने के कारण राजमार्ग पूरी तरह बंद हो गया।

गुरुवार शाम से ही पृथ्वी राजमार्ग पर रातभर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई थी। स्थानीय प्रशासन की योजना शुक्रवार सुबह 5 बजे से यातायात दोबारा शुरू करने की थी, लेकिन लगातार बारिश और नए भूस्खलन के कारण अब पृथ्वी राजमार्ग को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है।

धादिंग जिला प्रशासन कार्यालय ने शुक्रवार सुबह सूचना जारी कर अगले आदेश तक पृथ्वी राजमार्ग से चलने वाले सभी वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।

मुख्य जिला अधिकारी लक्ष्मी पांडे गौतम के अनुसार, मौसम विज्ञान विभाग ने आने वाले कुछ दिनों तक भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है। संभावित जोखिम और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

26 अगस्त को त्रिशूली नदी के कटाव के कारण कृष्णभीर क्षेत्र में सड़क का एक हिस्सा धंस गया था। इसके बाद करीब दो सप्ताह में डायवर्जन बनाकर यातायात बहाल किया गया था। ताजा बारिश के दौरान उसी डायवर्जन और आसपास के अन्य हिस्सों में भी भूस्खलन हो गया।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अत्यंत आवश्यक न होने पर घर से बाहर न निकलें। लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण सड़क मार्ग से यात्रा करने वालों के लिए जोखिम बढ़ गया है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights