नीरज प्रजापति
रेशू प्रांगण में आठ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन, आचार्य शांतनु महाराज की अमृतवाणी से गूंजेगा धर्म और अध्यात्म का संदेश, 121 महिलाओं की कलश यात्रा से होगा शुभारंभ, देवउठनी एकादशी पर होगा कन्या विवाह।
मुजफ्फरनगर। जब मनुष्य के हृदय में भक्ति का दीप प्रज्वलित होता है तो उसके विचारों में पवित्रता, कर्मों में सेवा और जीवन में संस्कारों का संचार होने लगता है। श्रीमद्भागवत महापुराण केवल भगवान की लीलाओं का वर्णन नहीं, बल्कि मानव जीवन को अंधकार से प्रकाश, निराशा से आशा और स्वार्थ से परमार्थ की ओर ले जाने वाला दिव्य मार्ग है। इसी आध्यात्मिक भावना को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में राष्ट्र निर्माण की चेतना जगाने के उद्देश्य से रेशू परिवार द्वारा 13 से 20 नवंबर तक रेशू विहार स्थित रेशू प्रांगण में भव्य श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। प्रयागराज के प्रख्यात कथा व्यास आचार्य शांतनु महाराज के श्रीमुख से प्रवाहित होने वाली भागवत की अमृतवाणी श्रद्धालुओं को भक्ति, ज्ञान और जीवन के वास्तविक उद्देश्य से परिचित कराएगी। रेशू परिवार के मुखिया जयप्रकाश गर्ग एवं सत्यप्रकाश रेशू ने मीडिया से वार्ता में बताया कि इस धार्मिक अनुष्ठान की प्रेरणा उन्हें अपने माता-पिता, गुरुजनों तथा शुकतीर्थ के जीर्णोद्धारक संत स्वामी कल्याण देव के आध्यात्मिक विचारों से मिली है। उनका संकल्प है कि भागवत का ज्ञान केवल मंदिरों और धार्मिक आयोजनों तक सीमित न रहे, बल्कि समाज के प्रत्येक परिवार और प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का हिस्सा बने। इसी विचार के साथ इस आयोजन को वर्ष 2047 से पहले भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प से भी जोड़ा गया है। आचार्य शांतनु महाराज अपनी ओजस्वी और प्रभावशाली वाणी से समझाएंगे कि श्रीमद्भागवत का जीवन, परिवार, व्यापार, उद्योग, कृषि, शिक्षा, राजनीति और सामाजिक व्यवस्था में क्या महत्व है। शुकदेव ऋषि द्वारा राजा परीक्षित को सुनाई गई भागवत कथा के माध्यम से जीवन की नश्वरता, प्रभु भक्ति की महिमा और सद्कर्मों की शक्ति का संदेश दिया जाएगा। कथा में बताया जाएगा कि जब मनुष्य के भीतर धर्म, विवेक और सेवा का भाव जागृत होता है तो उसका जीवन ही नहीं, बल्कि उससे जुड़ा पूरा समाज सकारात्मक परिवर्तन की ओर बढ़ता है। आचार्य शांतनु महाराज गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में भी श्रीराम कथा और श्रीमद्भागवत कथा का वाचन करते हैं। रेशू परिवार ने इसी आध्यात्मिक परंपरा से प्रेरित होकर उन्हें मुजफ्फरनगर में कथा के लिए आमंत्रित किया है।
13 नवंबर को रेशू विहार रेलवे फाटक स्थित श्री राज दुर्गा मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसमें 121 महिलाएं मंगल कलश धारण कर बैंड-बाजों के साथ लगभग 125 मीटर की पदयात्रा करते हुए कथा स्थल पहुंचेंगी। यह यात्रा धार्मिक उल्लास और श्रद्धा का विशेष आकर्षण बनेगी। 21 नवंबर को देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर एक कन्या का विवाह कराया जाएगा। कथा को पारिवारिक स्वरूप दिया गया है। श्रद्धालुओं के स्वागत, सुरक्षा, पेयजल, पार्किंग, प्रकाश, साफ-सफाई, जूते-चप्पल रखने और प्रसाद वितरण की व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। प्रेस वार्ता के दौरान विज्ञानानंद सरस्वती हनुमत धाम, बहन ब्रह्माकुमारी बबीता, कुंज बिहारी अग्रवाल, मीनाक्षी स्वरूप, अंजू अग्रवाल, सुधीर सैनी, संजय राठी, भीम कंसल, प्रमोद ऊंटवाल, राकेश कांवड़ शिविर, राकेश शर्मा, बिट्टू सिखेड़ा, अनमोल, ललित मोहन, अमित पटपाटिया, सजल, मोहित, निशांत मिश्रा, सत्यपाल मान, राहुल वाल्मीकि, शशिकांत, मनोज शास्त्री, सुधांशु, अशोक कंसल तथा स्वामी गीतानंद गिरि सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
