नीरज प्रजापति

मुजफ्फरनगर। लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नवागत प्रधानाचार्य शिव शंकर शर्मा ने नवीन प्रधानाचार्य के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। प्रबंध समिति पदाधिकारियों ने नूतन पदभार ग्रहण करने पर अपनी शुभकामनायें प्रदान की।

सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकंडरी स्कूल संभल से स्थानांतरित होकर आए प्रधानाचार्य शिव शंकर शर्मा ने लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल के नए प्रधानाचार्य के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। संभाग निरीक्षक जगबीर शर्मा ने आगंतुक प्रधानाचार्य का परिचय कराते हुए बताया कि हाथरस के मूल निवासी शिव शंकर शर्मा रसायन विज्ञान के प्रवक्ता रहे। इसके अतिरिक्त पिछले चार वर्ष से वे सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकंडरी स्कूल संभल में प्रधानाचार्य के पद पर थे। विद्या भारती की योजना के अनुरूप अब उन्हें इस विद्यालय में प्रधानाचार्य के पद पर स्थानांतरित किया गया है। बुधवार को प्रबंध समिति अध्यक्ष सूरत सिंह वर्मा, प्रबंधक बाल बहादुर, उपप्रबंधक ज्ञानचंद संगल तथा संभाग निरीक्षक जगबीर शर्मा ने नए प्रधानाचार्य शिव शंकर शर्मा को कार्यभार ग्रहण कराया। इस अवसर पर प्रबंध समिति पदाधिकारियों ने विद्यालय आगमन पर नवागत प्रधानाचार्य को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित करते हुए अपनी शुभकामनायें प्रदान की।

तत्पश्चात नवागत प्रधानाचार्य शिव शंकर शर्मा ने समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा विद्यालय परिवार के साथ आगामी सत्र के सफल संचालन के विषय में आवश्यक चर्चा वार्ता की। उन्होंने कहा कि विद्यालय विकास में प्रबंध समिति के साथ-साथ छात्र, शिक्षक एवं अभिभावक सभी का सहयोग आवश्यक होता है। इस अवसर पर उन्होंने सभी शिक्षकों से एक साथ मिलकर विद्यालय की प्रगति की दिशा में कार्य करने तथा अपने लक्ष्य को प्राप्त करने का प्रयास करने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षक महेश कुमार ने किया। इस अवसर पर समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights