जोनी शर्मा

ब्रह्माकुमारीज केशवपुरी सेवाकेंद्र द्वारा महिला संगोष्ठी का आयोजन।

मुजफ्फरनगर, 2 अक्टूबर। ब्रह्माकुमारीज केशवपुरी सेवाकेंद्र, मुजफ्फरनगर द्वारा दिव्य अनुभूति भवन, बामनहेरी में ‘नारी–नवयुग की आधारशिला’ विषय पर विशेष महिला संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता राजयोगिनी बी.के. चक्रधारी दीदी, दिल्ली जोन इंचार्ज एवं निदेशिका, बाल्टिक प्रदेश, राशिया तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष–महिला प्रभाग, ब्रह्माकुमारीज ने कहा कि नारी केवल परिवार की धुरी नहीं, बल्कि संस्कारवान समाज और श्रेष्ठ नवयुग के निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि यदि संसार को सुधारना है तो सबसे पहले मनुष्य को अपनी बुराइयों का नाश करना होगा।
उन्होंने विशेष रूप से बच्चों के संस्कारों पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों को बचपन से ही नैतिकता और अच्छे संस्कारों की शिक्षा देनी चाहिए तथा उन्हें चरित्रवान बनाने पर विशेष ध्यान देना चाहिए। बच्चों को कमजोर नहीं समझना चाहिए, बल्कि उनके प्रति सदैव शुभ भावना रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि परमपिता परमात्मा का संदेश है कि स्वयं को आत्मा समझकर परमात्मा से संबंध जोड़ें, इससे जीवन दिव्य बन सकता है।
मुख्य अतिथि श्वेता कौशिक, जिला उपाध्यक्ष भाजपा तथा ममता चौहान, प्रधानाचार्य जी.सी. पब्लिक स्कूल, मुजफ्फरनगर ने ब्रह्माकुमारीज द्वारा समाज में किए जा रहे आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यों की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक सोच एवं नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

राजयोग से मिलती है आंतरिक शक्ति।

चक्रधारी दीदी ने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में मन को शांत एवं सकारात्मक रखना आवश्यक है। राजयोग एवं आध्यात्मिक चिंतन के माध्यम से व्यक्ति अपने विचारों को सकारात्मक दिशा दे सकता है और आंतरिक शक्ति का अनुभव कर सकता है।
कार्यक्रम में दिल्ली से पधारीं बी.के. प्रीत बहन ने उपस्थित भाई-बहनों को राजयोग मेडिटेशन का गहन अभ्यास कराया। वहीं दीपा बहन ने स्वागत गीत पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत कर सभी को भाव-विभोर किया।
कार्यक्रम में सभी अतिथियों का स्वागत बी.के. पूजा बहन, अंजू सिंघल एवं अंजू त्यागी ने किया। मंच का संचालन नवीन कौशिक ने किया।
कार्यक्रम के अंत में केशवपुरी सेवाकेंद्र की इंचार्ज ब्रह्माकुमारी राजयोगिनी जयंती दीदी ने कार्यक्रम की सफलता के लिए परमपिता परमात्मा शिव बाबा का धन्यवाद किया। उन्होंने दिल्ली जोन इंचार्ज बी.के. चक्रधारी दीदी का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं भाई-बहनों का भी धन्यवाद किया।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी रोशनी बहन, सरला बहन, राधिका, शीतल, विधि, तारा, रिया, सरिता, संतोष, मंजू बत्रा, निशा, ज्योति, गीता कर्णवाल सहित अनेक भाई-बहन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का वातावरण आध्यात्मिक, प्रेरणादायी एवं सकारात्मक रहा। संगोष्ठी के माध्यम से महिलाओं को आत्मसम्मान, सकारात्मक चिंतन, आध्यात्मिकता, नैतिक मूल्यों एवं सेवा भावना के साथ परिवार और समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights