नीरज प्रजापति

पैसे नहीं दिए तो दुकान सील करा दूंगा… परिवार को उठा ले जाऊंगा’ व्यापारी की शिकायत ने उड़ाई नींद, धमकियों से दहशत में कारोबारी परिवार
मुजफ्फरनगर। शहर के नई मंडी थाना क्षेत्र से सामने आई एक शिकायत ने व्यापारिक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सनसनी पैदा कर दी है। एक व्यापारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि उससे 25 लाख रुपये की मांग की गई और रकम नहीं देने पर दुकान का निर्माण रुकवाने, दुकान सील कराने तथा उसे और उसके परिवार को गंभीर नुकसान पहुंचाने की धमकियां दी गईं। शिकायत में परिवार के अपहरण और हत्या तक की आशंका जताई गई है। मामले ने व्यापारियों के बीच खौफ का माहौल पैदा कर दिया है।

दुकान में निर्माण चल रहा था, तभी पहुंचा कथित धमकी देने वाला

आदर्श कॉलोनी, नई मंडी क्षेत्र निवासी व्यापारी संदीप कुमार के शिकायती पत्र देते हुए बताया कि वह अपनी दुकान में निर्माण कार्य करा रहे थे। इसी दौरान राजीव तेवतिया नामक व्यक्ति वहां पहुंचा और कथित रूप से 25 लाख रुपये देने की मांग की।
व्यापारी का आरोप है कि रकम नहीं देने पर दुकान का निर्माण कार्य रुकवाकर दुकान पर सील लगवाने की धमकी दी गई। शिकायत के अनुसार कथित आरोपी ने पुलिस और प्रशासन में अपनी पहचान होने का दावा करते हुए व्यापारी को यह विश्वास दिलाने की कोशिश की कि शिकायत करने के बावजूद उसका कुछ नहीं बिगड़ेगा। पीड़ित व्यापारी ने दावा किया है कि 30 जुलाई और 4 अगस्त 2026 को भी उसके सामने 25 लाख रुपये देने की मांग दोहराई गई। रकम नहीं देने पर कथित रूप से जान से मारने की धमकी दी गई।
सबसे गंभीर आरोप यह है कि व्यापारी को कथित तौर पर धमकाया गया कि यदि उसने पैसे मांगने की शिकायत कहीं की तो उसके और उसके परिवार के खिलाफ गंभीर वारदात को अंजाम दिया जा सकता है। पीड़ित ने इसी आशंका के चलते अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का दरवाजा खटखटाया है।

घर से दुकान तक खौफ,व्यापारी ने मांगी सुरक्षा

शिकायत करने के बाद से ही पीड़ित व्यापारी कथित धमकियों के बाद व्यापारी और उसका परिवार भय के साए में है। व्यापारी ने पुलिस प्रशासन से न केवल पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, बल्कि अपने और परिवार के जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन लगातार कानून-व्यवस्था मजबूत करने का दावा करता है। ऐसे में एक व्यापारी द्वारा लाखों रुपये की कथित मांग और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी का आरोप लगाना पुलिस के सामने गंभीर चुनौती खड़ी करता है।
मामले ने व्यापारियों के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि जांच में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो सवाल उठना लाजिमी है कि 25 लाख रुपये जैसी बड़ी रकम मांगने का कथित दुस्साहस आखिर किस भरोसे पर किया गया? क्या किसी को पुलिस-प्रशासन से कार्रवाई का डर नहीं है? क्या व्यापारी अपनी शिकायत लेकर भी सुरक्षित महसूस कर पाएंगे?
नई मंडी क्षेत्र के कारोबारियों के लिए यह मामला केवल एक शिकायत नहीं, बल्कि सुरक्षा को लेकर बड़ा संदेश बन गया है। पुलिस के लिए भी चुनौती साफ है—धमकी चाहे कितनी भी बड़ी हो या कथित आरोपी कितना भी प्रभावशाली होने का दावा करे, कानून से ऊपर कोई नहीं।

अब पुलिस की परीक्षा, कितनी तेजी से होगी कार्रवाई?

व्यापारी ने एसएसपी से मामले की जांच किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से कराने और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। शिकायत की प्रतियां उच्च अधिकारियों को भेजे जाने का भी उल्लेख है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights