mudiya-mela-2026-railway-admi

मथुरा, 26 जुलाई । मुड़िया मेला-2026 के दौरान देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए मंडल रेल प्रबंधक, आगरा गगन गोयल के निर्देशन में आगरा मंडल द्वारा व्यापक और चाक-चौबंद व्यवस्थाएँ की गई हैं।

मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए अपर मंडल रेल प्रबंधक (आगरा) गिरीश कुमार गुप्ता एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस. रामकृष्णन ने मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, होल्डिंग एरिया, सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन का बारीकी से निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ सतत निगरानी रखें।

तैनात बल और सेवा कार्य: मेले के दौरान मथुरा जंक्शन एवं गोवर्धन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सहायता के लिए भारी संख्या में बल तैनात किया गया है। लगभग 85 स्काउट्स एंड गाइड्स स्टाफ और 90 वाणिज्य कर्मचारी शिफ्टवार मुस्तैद हैं। लगभग 350 रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारी और जवान सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण संभाल रहे हैं।

वाणिज्य विभाग के कर्मचारी यात्रियों को ट्रेनों, प्लेटफॉर्म और टिकटिंग की जानकारी दे रहे हैं, वहीं स्काउट्स एंड गाइड्स के स्वयंसेवक वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांग यात्रियों को स्टेशन परिसर में मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग प्रदान कर रहे हैं। इसके साथ ही, रेल सुरक्षा बल (RPF) स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज और प्रवेश-निकास द्वारों पर सतत निगरानी रखते हुए भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बना रहा है।

रेल प्रशासन की अपील: रेल प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे रेलवे कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पूरी तरह पालन करें। किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होने पर यात्री स्टेशन पर तैनात वाणिज्य कर्मचारियों, स्काउट्स एंड गाइड्स अथवा रेल सुरक्षा बल (RPF) से तुरंत संपर्क कर सकते हैं। आगरा मंडल मुड़िया मेला-2026 के दौरान यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और निर्बाध रेल संचालन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights