नीरज प्रजापति

22 परीक्षा केंद्रों पर होगी दो पालियों में परीक्षा, शिक्षकों और कर्मचारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी, जिला विद्यालय निरीक्षक ने जारी किए निर्देश।

मुजफ्फरनगर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 के आयोजन को लेकर मुजफ्फरनगर में शिक्षा विभाग ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। परीक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिले में 30 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को एक दिवसीय शैक्षणिक अवकाश घोषित किया गया है। इस दिन संबंधित शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे, जबकि PET परीक्षा में ड्यूटी पर तैनात शिक्षक और कर्मचारी अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकिशोर यादव की ओर से 29 अक्टूबर को जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि शासन और शिक्षा विभाग के निर्देशों के अनुपालन में यह निर्णय लिया गया है। आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों और जिले के विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

22 केंद्रों पर होगी परीक्षा

जारी आदेश के मुताबिक, जनपद में PET-2026 की लिखित परीक्षा के लिए कुल 22 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर 2026 को दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है।

शिक्षकों और कर्मचारियों को निर्देश

जिला विद्यालय निरीक्षक ने निर्देश दिए हैं कि 30 अक्टूबर को अवकाश घोषित होने के बावजूद PET परीक्षा में तैनात शिक्षक और कर्मचारी अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। परीक्षा संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही न हो, इसके लिए आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है।

विद्यालयों को भेजे गए निर्देश

विभाग की ओर से संबंधित अधिकारियों और विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को आदेश की जानकारी देकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा व्यवस्था और शैक्षणिक अवकाश को लेकर जारी इस आदेश के बाद जिले के संबंधित शिक्षण संस्थानों में 30 अक्टूबर की व्यवस्था स्पष्ट हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights