जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में एंटी रोमियो की टीमों ने चलाया व्यापक अभियान, हेल्पलाइन नंबरों और महिला कल्याण योजनाओं की दी जानकारी
मुजफ्फरनगर। महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और आत्मविश्वास की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से जनपद में मिशन शक्ति-5.0 (द्वितीय चरण) के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों की एंटी रोमियो टीमों ने गांवों, कस्बों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।


अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं और छात्राओं से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें महिला सुरक्षा के लिए संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और सेवाओं की जानकारी दी। पंपलेट वितरित कर डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वूमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, सीएम हेल्पलाइन-1076, वन स्टॉप सेंटर, स्वास्थ्य सेवा-102 तथा एंबुलेंस सेवा-108 सहित अन्य आपातकालीन सेवाओं के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया।


इसके साथ ही महिलाओं को जनसुनवाई पोर्टल, स्थानीय थानों में संचालित मिशन शक्ति केंद्र तथा महिला सहायता से जुड़े अन्य माध्यमों की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में वे बिना झिझक सहायता प्राप्त कर सकें।
अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, आयुष्मान भारत योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।


जनपदभर में चलाए गए इस विशेष जागरूकता अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा व्यवस्थाओं और सरकारी सुविधाओं के प्रति जागरूक बनाना रहा, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ समाज में आगे बढ़ सकें और किसी भी विपरीत परिस्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त कर सकें। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इस प्रकार के जागरूकता अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights