ताजपुर रोड स्थित इलाके संजय गांधी कॉलोनी में रविवार की देर रात उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच खूनी जंग छिड़ गई। संजय गांधी कॉलोनी में देर रात हुए इस भीषण संघर्ष में जमकर ईंट-पत्थर चले और गोलियां भी चली। अचानक हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों में दुबक गए।

 खूनी खेल की शुरुआत रविवार दोपहर को हुई थी
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना डिवीजन नंबर 7 के एसएचओ गगनदीप सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। जांच में सामने आया है कि इलाके के ही रहने वाले आशीष और ग्रेवाल नाम के दो युवकों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा है। इन दोनों पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। खूनी खेल की शुरुआत रविवार दोपहर को हुई थी, जब मामूली बात पर ग्रेवाल ने आशीष की बेरहमी से पिटाई कर दी थी, जिससे आशीष के पैर में गंभीर चोट आई थी। दिन में हुई इस बेइज्जती का बदला लेने की आग में जल रहे आशीष ने देर रात करीब 30 से 40 साथियों को इकट्ठा किया और हथियारों व पत्थरों से लैस होकर ग्रेवाल के घर पर धावा बोल दिया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और पूरी गली युद्ध के मैदान में तब्दील हो गई। हमलावरों ने न केवल पथराव किया, बल्कि हवाई फायरिंग कर इलाके में अपनी धाक जमाने की कोशिश की।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस 
पुलिस ने घटनास्थल से दो गोलियों के खोल बरामद किए हैं। एसएचओ गगनदीप सिंह का कहना है कि आरोपियों की शिनाख्त के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने साफ किया है कि इस गुंडागर्दी में शामिल किसी भी युवक को बख्शा नहीं जाएगा और सोमवार को पहचान पुख्ता होने के बाद सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights