नीरज प्रजापति 

मुज़फ्फरनगर। जनपद के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने नवाचार और वैज्ञानिक शिक्षा के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए अटल इनोवेशन मिशन, नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा “एटीएल स्कूल ऑफ द मंथ– जून 2026” के राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित होकर जिले का गौरव बढ़ाया है। यह सम्मान उन चुनिंदा विद्यालयों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने अटल टिंकरिंग लैब के माध्यम से विद्यार्थियों में नवाचार, अनुसंधान और तकनीकी दक्षता विकसित करने में उत्कृष्ट योगदान दिया हो।

अटल इनोवेशन मिशन द्वारा जारी आधिकारिक संदेश में विद्यालय के प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा गया कि विद्यालय ने एटीएल गतिविधियों के प्रभावी संचालन, विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी तथा नवाचार की संस्कृति को सशक्त बनाने में उल्लेखनीय कार्य किया है। इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय को ‘एटीएल स्कूल ऑफ द मंथ– जून 2026’ का डिजिटल प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया।

विद्यालय की अटल टिंकरिंग लैब विद्यार्थियों के लिए नवाचार का एक सशक्त मंच बन चुकी है। यहाँ छात्र रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, थ्रीडी डिज़ाइन एवं प्रिंटिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, कोडिंग और डिज़ाइन थिंकिंग जैसी आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त कर रहे हैं। प्रयोग आधारित शिक्षण पद्धति के माध्यम से विद्यार्थियों को केवल विषयों का ज्ञान ही नहीं, बल्कि वास्तविक समस्याओं के समाधान खोजने, नई तकनीकों को समझने और अपने अभिनव विचारों को मॉडल के रूप में विकसित करने के अवसर भी प्रदान किए जाते हैं।

विद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि को समस्त विद्यार्थियों, आचार्यों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार के सामूहिक समर्पण, अनुशासन और सतत प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सम्मान विद्यार्थियों में नवाचार के प्रति नई ऊर्जा का संचार करेगा तथा उन्हें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights