खेतों तक पहुंचा नदी का पानी, जेसीबी से हटवाए गए अवरोध, राहत-बचाव और जल निकासी व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश

जोनी शर्मा 

मुजफ्फरनगर। जनपद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। शुक्रवार को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुरकाजी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर बारिश से उत्पन्न हालात का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने सोलानी नदी के बढ़ते जलस्तर, आसपास के खेतों में भर रहे पानी और जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।


  • निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों से जल निकासी, राहत कार्यों और आपदा से निपटने की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
    निरीक्षण के समय मौके पर जेसीबी मशीनों की सहायता से नालों और जल निकासी मार्गों में जमा मलबा, कचरा तथा अन्य अवरोध हटाने का कार्य तेजी से कराया जा रहा था। अधिकारियों ने कहा कि वर्षा का पानी बिना किसी रुकावट के निकलना चाहिए, जिससे जलभराव की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके और ग्रामीणों को राहत मिल सके।सोलानी नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। नदी से सटे इलाकों और निचले क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें। राहत एवं बचाव से जुड़े विभागों को भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
    निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने स्थानीय ग्रामीणों से भी बातचीत की। लोगों ने जलभराव और बारिश से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया, जिस पर अधिकारियों ने प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। साथ ही संबंधित विभागों को शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

    प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि लगातार हो रही बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से जलभराव वाले स्थानों, नदियों और तटवर्ती क्षेत्रों की ओर न जाएं। किसी भी आपात स्थिति या दुर्घटना की आशंका होने पर तत्काल पुलिस या स्थानीय प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights