रात में पैसे लेने जा रहे युवक को रास्ते में घेरकर बेरहमी से पीटा, सिर पर धारदार हथियार से किया वार, पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

नीरज प्रजापति 

मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र में पैसों के लेन-देन का विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे पांच लोगों ने एक युवक को रास्ते में रोककर उस पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम शेरपुर निवासी तारिक पुत्र यूसुफ ने कोतवाली नगर पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका भाई शारिक पुत्र यूसुफ और अहसान पुत्र यामीन के साथ 7 जुलाई 2026 की रात करीब 10:30 बजे अपने बकाया पैसे लेने जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे रऊफ पुत्र महबूब, रिजवान पुत्र महबूब, शाहरुख पुत्र महबूब, फुरकान पुत्र महबूब तथा महबूब पुत्र दीन मोहम्मद ने उन्हें रोक लिया।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने पहले गाली-गलौज शुरू की और विरोध करने पर सभी ने एकजुट होकर शारिक पर हमला बोल दिया। आरोप है कि लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की गई और धारदार हथियार से उसके सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जबकि आरोपी घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर पुलिस ने सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights