6 माह में 2 गैंगस्टर एक्ट, 17 गुण्डा एक्ट, 5 जिला बदर, 4 हिस्ट्रीशीट, 9 अभियुक्त पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
मनीष अग्रवाल
चिलकाना। क्षेत्राधिकारी सदर विकास प्रताप सिंह ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन सहारनपुर के निर्देशन मे जनपद में अपराध की रोकथाम कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने तथा गौकशी, गैंगस्टर एक्ट एवं अन्य जघन्य अपराधों में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की सतत कानूनी कार्रवाई, निरंतर निगरानी एवं सख्त कार्यशैली का सकारात्मक प्रभाव अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में चिलकाना थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में चिलकाना पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध लगातार की गई प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप थाना क्षेत्र के गौकशी, गैंगस्टर एक्ट एवं अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त 47 आरोपी स्वयं थाना चिलकाना पहुंचे। सभी ने हाथों में अपराध छोड़ने, कानून का पालन करने तथा ईमानदारी से जीवनयापन का संदेश लिखी तख्तियां लेकर भविष्य में किसी भी प्रकार के अपराध से दूर रहने, गौकशी जैसी अवैध गतिविधियों में शामिल न होने तथा मेहनत-मजदूरी एवं वैध रोजगार के माध्यम से अपने परिवार का पालन-पोषण करने की शपथ ली। इस अवसर पर थाना प्रभारी चिलकाना ने सभी को स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्हें कानून का पालन करते हुए समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सम्मानजनक जीवन व्यतीत करने के लिए प्रेरित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर ने कहा कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” की नीति के तहत कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी । अपराध का मार्ग छोड़कर वैधानिक एवं सम्मानजनक जीवन अपनाने वालों का स्वागत है, किंतु कानून तोड़ने वालों के प्रति किसी प्रकार की रियायत नहीं बरती जाएगी। सहारनपुर पुलिस जनपदवासियों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं अपराधमुक्त समाज के निर्माण के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
थाना चिलकाना पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध की जा रही प्रभावी एवं सतत कार्रवाई के परिणामस्वरूप क्षेत्र में अपराधियों के मन में कानून का भय उत्पन्न हुआ है तथा अपराध छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने की सकारात्मक प्रवृत्ति भी देखने को मिल रही है। सहारनपुर पुलिस भविष्य में भी अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध इसी प्रकार कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रखेगी ।
