ककरौली पुलिस और ग्रामीणों के संयुक्त रेस्क्यू से बची चार जिंदगियां, एसपी ग्रामीण ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति, घायलों का अस्पताल में उपचार जारी

नीरज प्रजापति 

मुजफ्फरनगर। जनपद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। शुक्रवार को ककरौली थाना क्षेत्र के ग्राम जटवाड़ा में बारिश के चलते एक मकान की छत और दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय मकान के अंदर मौजूद चार लोग मलबे में दब गए। घटना की सूचना मिलते ही ककरौली पुलिस ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।


जानकारी के अनुसार लगातार हो रही बारिश से मकान कमजोर हो गया था। अचानक छत और दीवार गिरने से घर में मौजूद परिवार के सदस्य मलबे के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष जोगिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्वयं मलबे में उतरकर रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व किया। पुलिस और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से सभी चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जानसठ तथा जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलने पर एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया, पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों से बातचीत कर पूरी घटना की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।


हादसे में घायल होने वालों में गुलशेर (30 वर्ष), बानो (35 वर्ष), मोहम्मद अहमद (1 वर्ष) और अलकमा (14 वर्ष) शामिल हैं। सभी ग्राम जटवाड़ा, थाना ककरौली के निवासी हैं। समय पर पुलिस और ग्रामीणों की तत्परता से चारों लोगों की जान बच गई।
लगातार हो रही बारिश के बीच इस घटना ने जर्जर भवनों की स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि क्षतिग्रस्त और कमजोर मकानों में रहने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights