नीरज प्रजापति

क्षेत्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में अंडर-17 टीम ने मारी बाजी, बैडमिंटन के एकल में आर्यन पाल ने जीता स्वर्ण पदक; विजेता खिलाड़ियों का विद्यालय में हुआ सम्मान
मुजफ्फरनगर। लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। टेबल टेनिस में जहां विद्यालय की अंडर-17 टीम ने स्वर्ण पदक हासिल कर अपना दबदबा कायम किया, वहीं बैडमिंटन में भी खिलाड़ियों ने स्वर्ण और रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
बुलंदशहर के ककोड़ में 8 से 11 अगस्त तक आयोजित 38वीं क्षेत्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में विद्यालय की अंडर-17 टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। सिद्धार्थ, अभिनव सैनी, शौर्य चौधरी और अक्षित की टीम ने मुकाबलों में शानदार तालमेल और आक्रामक खेल दिखाते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। टीम की इस सफलता के साथ खिलाड़ियों ने अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए भी अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया है। अब ये खिलाड़ी 20 से 24 सितंबर तक लखनऊ में होने वाली अखिल भारतीय प्रतियोगिता में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इसी क्रम में नोएडा में 12 से 14 अगस्त तक आयोजित 38वीं प्रांतीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में भी विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-17 डबल्स में आशीष और यशदेव ने दमदार मुकाबला करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया और रजत पदक जीता। वहीं अंडर-17 एकल मुकाबले में आर्यन पाल ने अपने शानदार खेल से प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
इन उपलब्धियों के बाद बुधवार को विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्रधानाचार्य शिव शंकर शर्मा एवं वरिष्ठ शिक्षक महेश कुमार ने विजेता खिलाड़ियों को पदक, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष सूरत सिंह वर्मा, प्रबंधक बाल बहादुर और सह-प्रबंधक ज्ञानचंद संगल ने भी खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षक आशीष कुमार शर्मा को बधाई देते हुए कहा कि खेलों में लगातार मिल रही सफलता विद्यालय की खेल प्रतिभा और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights