नीरज प्रजापति

मंडल अध्यक्ष अजय पवार ने कहा कि भाजपा के नाम पर लगाए गए आरोप स्वीकार नहीं, कार्यकर्ताओं की समस्याओं का बैठकर होगा समाधान

पुरकाजी। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के शिक्षक प्रकोष्ठ से जुड़े मनीष गोयल द्वारा भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के मंडल अध्यक्ष नदीम अहमद को लेकर लगाए गए आरोपों के बाद सोमवार को भाजपा संगठन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए अहम बैठक की। मंडल महामंत्री विपिन गोयल के सत्य विहार कॉलोनी स्थित आवास पर आयोजित बैठक में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकमत होकर नदीम अहमद के समर्थन में अपना पक्ष रखा।
बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष अजय पवार ने की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 16 अगस्त को हुई बैठक भाजपा संगठन द्वारा आयोजित नहीं की गई थी। उक्त बैठक मनीष गोयल द्वारा बुलाई गई थी और उनका भाजपा संगठन से कोई पदाधिकारी अथवा कार्यकर्ता के रूप में संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि मनीष गोयल भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के वर्तमान पदाधिकारी हैं। अजय पवार ने यह भी कहा कि पिछले नगर पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में मनीष गोयल द्वारा भाजपा प्रत्याशी के विरोध में प्रचार किए जाने की बात भी कस्बे में सभी जानते हैं। मंडल अध्यक्ष ने कहा कि नदीम अहमद पिछले कई वर्षों से भाजपा के सक्रिय एवं निष्ठावान कार्यकर्ता हैं और वर्तमान में अल्पसंख्यक मोर्चा के मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। संगठन उनके साथ मजबूती से खड़ा है।
बैठक में बताया गया कि मनीष गोयल द्वारा नदीम अहमद के खिलाफ मुख्यमंत्री पोर्टल पर रंगदारी मांगने संबंधी शिकायत की गई थी, जिसे संगठन के अनुसार जांच में निराधार पाया गया। वहीं नदीम अहमद की ओर से भी मनीष गोयल के खिलाफ राजनीति से प्रेरित गतिविधियों तथा विद्यालय में बच्चों को समय देने से संबंधित शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई है, जिसका निस्तारण जांच के बाद होना है।
बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी संगठन पर गलत आरोप लगाकर भ्रम की स्थिति पैदा करना स्वीकार नहीं किया जाएगा। अजय पवार ने कहा कि किसी भी कार्यकर्ता को कोई शिकायत या समस्या हो तो वह सीधे संगठन से संपर्क करे। उसकी बात सुनी जाएगी और आपसी बातचीत के माध्यम से समाधान कराया जाएगा।
बैठक में जिला कार्यकारिणी सदस्य डॉ. संदीप वर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष मनोज जोधा व सुक्कड़ सिंह, वरिष्ठ कार्यकर्ता कंवरपाल खजांची, डॉ. रंजीत सिंह गोरसी, विपिन राठी, मंडल महामंत्री विपिन गोयल व सुनील वाल्मीकि, मोर्चा अध्यक्ष नरेंद्र पाल, सुशील त्यागी, नरेंद्र कुमार, नदीम अहमद, शिवम कश्यप, आनंद धीमान, सचिन प्रधान, शिवकुमार पाल, मास्टर वीरेंद्र, डॉ. रविंद्र गिरी, कपिल कश्यप, अमित कश्यप, बबली हरि, संजय धीमान, रजत गोयल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights