जिला पंचायत अध्यक्ष ने भोपा पुल से मेरठ सीमा तक किया निरीक्षण, गड्ढे, स्ट्रीट लाइट, बैरिकेडिंग और सफाई तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश
मुजफ्फरनगर। आगामी 11 अगस्त को महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर हरिद्वार से गंगाजल लेकर आने वाले करोड़ों शिवभक्तों की कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल ने चौधरी चरण सिंह गंग नहर कांवड़ पटरी मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने भोपा पुल से मेरठ जनपद की सीमा तक पूरे मार्ग का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेकेदारों को आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान खतौली गंग नहर क्षेत्र में सड़क पर बने गड्ढों, खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों, सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग तथा सफाई व्यवस्था की कमियों पर नाराजगी जताते हुए अध्यक्ष ने संबंधित विभागों को बिना देरी सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले मार्ग पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं रहनी चाहिए।
इस दौरान श्री गंग नहर सेवा समिति, खतौली के पदाधिकारियों ने घाट पर लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए आरती घाट पर स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग का ज्ञापन सौंपा। साथ ही नए पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए उसे शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की गई, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।

निरीक्षण के दौरान निवर्तमान विधायक प्रतिनिधि पंकज भटनागर, मंडल अध्यक्ष प्रवीण ठकराल, अरुण खारी, बृजेश राजपूत, प्रभात कुमार, संजय गोस्वामी, आशीष भारद्वाज, मुकेश अग्रवाल, अंजू चढ़ा, अरविंद वर्मा, श्यामलाल सैनी, शुभम राजपूत, संजीव मिश्रा, जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी योगेश कुमार, प्रशासनिक अधिकारी नरेंद्र शर्मा, मेल लिपिक सुरेंद्र कुमार, जयवीर सिंह, रविंद्र कुमार, नितिन पुंडीर, स्टेनो अक्षय कुमार शर्मा सहित जिला पंचायत के अधिकारी, कर्मचारी एवं संबंधित ठेकेदार मौजूद रहे।
