जोनी शर्मा
मुजफ्फरनगर। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और गांवों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देश के सबसे बड़े ग्रामीण खेल महोत्सव ईशा ग्रामोत्सवम् 2026 का आयोजन शुरू हो गया है। सद्गुरु की परिकल्पना और ईशा आउटरीच की एक्शन फॉर रूरल रिजुविनेशन पहल के तहत आयोजित इस महोत्सव को इस वर्ष खेलो इंडिया की मान्यता भी प्राप्त है। इसी क्रम में मुजफ्फरनगर क्लस्टर में 25 और 26 जुलाई को दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

प्रतियोगिता का आयोजन स्प्रिंग डेल्स स्कूल, जीटी रोड (बोपारा), मंसूरपुर में होगा। इसमें मुजफ्फरनगर और आसपास के जिलों की ग्रामीण टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण पूरी तरह निशुल्क रखा गया है। इसके अलावा प्रवेश, मैच एंट्री, कोर्ट की व्यवस्था और प्रतियोगिता के दौरान भोजन की सुविधा भी आयोजकों की ओर से निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।

ईशा ग्रामोत्सवम् 2026 का आयोजन उत्तर प्रदेश सहित हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी के 250 से अधिक स्थानों पर किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय खेल अभियान में 40 हजार से अधिक गांवों के 80 हजार से ज्यादा ग्रामीण खिलाड़ी, जिनमें 15 हजार से अधिक महिला खिलाड़ी शामिल हैं, भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों के विजेताओं के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की कुल पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। राष्ट्रीय ग्रैंड फिनाले का आयोजन ईशा योग केंद्र, कोयंबटूर में होगा।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में केवल ग्रामीण क्षेत्रों की टीमें ही भाग ले सकेंगी। सभी खिलाड़ियों का एक ही ग्राम पंचायत या नगर पंचायत का निवासी होना अनिवार्य होगा। शहरी नगर निगम क्षेत्रों, खेल कोटे के खिलाड़ियों तथा पेशेवर या राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को इसमें भाग लेने की अनुमति नहीं होगी। प्रतिभागियों की न्यूनतम आयु 14 वर्ष निर्धारित की गई है।
क्लस्टर स्तर पर प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए लखनऊ जाएंगी। इसके बाद विजेता टीमें राष्ट्रीय ग्रैंड फिनाले में हिस्सा लेंगी। क्लस्टर दौर के बाद की यात्रा, आवास और भोजन का पूरा खर्च ईशा ग्रामोत्सवम् की ओर से वहन किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार ईशा ग्रामोत्सवम् केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि ग्रामीण पुनरुत्थान का एक सामाजिक अभियान है। इसका उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को खेलों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना, नशाखोरी जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखना और गांवों में सामाजिक समरसता को मजबूत करना है। महिलाओं के लिए आयोजित विशेष थ्रोबॉल प्रतियोगिताएं उन्हें नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने का अवसर भी प्रदान करती हैं।
मुजफ्फरनगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की इच्छुक टीमें https://ishagramotsavam.sadhguru.org पर जाकर निशुल्क ऑनलाइन पंजीकरण करा सकती हैं। अधिक जानकारी के लिए मुजफ्फरनगर क्लस्टर समन्वयक अजय से 9837050871 पर संपर्क किया जा सकता है।
